Vistaar NEWS

रिश्ते, सियासत और बनते-बिगड़ते समीकरण… यूपी चुनाव में अखिलेश के लिए इतने जरूरी क्यों आजम खान?

Azam Khan Akhilesh Yadav and Owaisi

आजम खान, अखिलेश यादव और असदुद्दीन ओवैसी

Uttar Pradesh Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर गहमागहमी बढ़ने लगी है. चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले ही राजनीतिक दलों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. इस बीच यूपी की सियासत में सबसे ज्यादा चर्चा आजम खान (Azam Khan) को लेकर है. आजम खान समाजवादी पार्टी के सबसे कद्दावर मुस्लिम चेहरे रहे हैं. हालांकि, पिछले कुछ सालों से आजम खान जेल के बाहर कम और जेल के भीतर ज्यादा रहे हैं. इस वक्त भी वे ईडी की गिरफ्त में हैं, लेकिन फर्क बस इतना है कि अब समाजवादी पार्टी का शीर्ष नेतृत्व उनकी खैरियत को लेकर फिक्रमंद नजर आ रहा है, जिस पर आजम के समर्थक लगातार अनदेखी के आरोप लगाते रहे हैं. आजम से अखिलेश यादव और शिवपाल की हाल की मुलाकातों को लेकर चर्चा है कि कहीं न कहीं सपा प्रमुख ‘ओवैसी फैक्टर’ से आशंकित हैं.

यूपी की सियासत में इस आशंका को इसलिए ज्यादा तूल दिया जा रहा है क्योंकि रामपुर में असदुद्दीन ओवैसी ने 18 अक्टूबर को रैली की थी. इस रैली में ओवैसी ने आजम खान के जेल में बंद होने के मुद्दे को उठाते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव की मंशा पर सवाल उठाए थे. आजम खान ने कहा था कि अगर कोई यादव जेल में बंद होता तो अखिलेश यादव क्या यही रवैया अपनाते? क्या उस यादव से मिलने सैफई से नहीं जाते.

ओवैसी की मुस्लिम वोटर्स को लुभाने की कोशिश

समाजवादी पार्टी को मुस्लिम मतदाताओं का वोट मिलता रहा है. इसको लेकर आजम खान का सवाल था कि क्या मुसलमान हमेशा दरी ही बिछाता रहेगा? ओवैसी ने कहा था कि आजम खान के साथ गलत हो रहा है. ओवैसी का कहना था कि उनकी पार्टी इस समुदाय के अधिक से अधिक लोगों को मुख्यधारा की राजनीति में लाने की कोशिश कर रही है ताकि, किसी भी मुस्लिम को दूसरे के लिए दरी न बिछानी पड़े.

ओवैसी की रैली के चार दिन बाद ही रामपुर पहुंचे थे अखिलेश

आजम खान के गढ़ में ओवैसी की इस दहाड़ के चार दिन बाद यानी 22 अक्टूबर को ही अखिलेश यादव रामपुर पहुंचे और जेल में बंद आजम खान से मुलाकात की थी. अखिलेश यादव ने आजम खान के परिवार से भी मुलाकात की थी. एक दिन पहले ही गाजियाबाद के डासना जेल जाकर अब शिवपाल यादव ने भी आजम से मुलाकात की. दरअसल, सपा नेतृत्व आजम खान की सियासी पकड़ से वाकिफ है और उनसे मुलाकात को ये जताने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है कि यादव परिवार अपने दिग्गज मुस्लिम नेता के साथ मुश्किल वक्त में भी खड़ा है. राजनीति विश्लेषकों का मानना है कि मुस्लिमों को लेकर ओवैसी ने जो आरोप लगाए थे, उसके बाद अखिलेश यादव आजम और उनके समर्थकों को ये संदेश देना चाहते हैं कि समाजवादी पार्टी ही उनकी हितैषी है.

आजम का प्रभाव रामपुर तक ही सीमित नहीं

रामपुर के साथ ही पश्चिमी यूपी के संभल-मुरादाबाद और बिजनौर जैसे जिलों की सियासत में भी आजम की पकड़ मानी जाती है और ये बात अखिलेश यादव भी बखूबी समझते होंगे. इन इलाकों में अगर ओवैसी अपने आरोपों को हकीकत का अमली-जामा पहनाने में कामयाब हुए तो यूपी चुनाव में अखिलेश यादव के लिए सत्ता तक पहुंचने की राह और भी दुश्वार हो सकती है. ऐसे में अखिलेश-शिवपाल की आजम से मुलाकात को इन जिलों में मौजूद आजम समर्थकों को साथ रखने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है.

ओवैसी-चंद्रशेखर का गठजोड़ और वोट बैंक खिसकने का खतरा

यूपी चुनाव को लेकर अखिलेश यादव लगातार दावा करते रहे हैं कि उनका PDA (पीड़ित, दलित और अल्पसंख्यक) कामयाब होगा. उनके दावे के बीच ओवैसी ने चंद्रशेखर के साथ मिलकर तीसरे मोर्चे का ऐलान कर दिया है. दोनों नेताओं ने कहा कि उनका मोर्चा यूपी की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगा. जाहिर है सभी सीटों पर इनका प्रभाव नहीं पड़ेगा लेकिन भी इनका प्रभाव बिल्कुल भी नहीं रहेगा, ऐसा भी कहा नहीं जा सकता है. चंद्रशेखर दलित मतदाताओं के लिए नए नेता के तौर पर उभर रहे हैं. वहीं ओवैसी ने पिछले यूपी चुनाव में दिखा दिया था कि भले ही वे सीट न सीट पाएं, लेकिन सपा-कांग्रेस के वोटबैंक में सेंध लगाने का काम वे कर सकते हैं.

ऐसे में अखिलेश यादव और शिवपाल की मुलाकात को आजम खान से पारिवारिक और भावनात्मक लगाव से इतर, इसे सियासी समीकरणों को दुरुस्त रखने की कवायद के तौर पर भी देखा जा रहा है. अब सवाल ये है कि आजम और उनके समर्थक अखिलेश की इन कोशिशों पर कितना खरा उतर पाते हैं.

Exit mobile version