Vistaar NEWS

आजम खान की फ‍िर बढ़ेंगी मुश्किलें! ED ने 8 घंटे की पूछताछ के बाद दर्ज कराया मामला

सपा नेता आजम खान

सपा नेता आजम खान

Azam Khan ED investigation: उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री और सीन‍ियर सपा नेता आजम खान इस समय रामपुर जेल में बंद हैं. जेल में बंद होने के बाद भी उनकी मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. पहले ही दर्जनभर से ज्यादा मामले उन पर दर्ज हैं. इन सब के बीच अब ईडी ने जेल में ही पूछताछ के बाद आजम पर केस दर्ज कराया है.

ईडी की नई एफआईआर में आजम खान के अलावा जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े जौहर अली ट्रस्ट, जौहर यूनिवर्सिटी की बिल्डिंगों के निर्माण से जुड़ी दो कंपनियों- एसएसएंडएस इंटरप्राइजेज, एसके चिके प्रा. लि. व एक अज्ञात पर भी ईडी ने केस दर्ज कराया है. कुल मिलाकर 5 लोगों पर मामला दर्ज किया गया है.

आजम और अन्य पांच लोगों पर मामला दर्ज होने से पहले ईडी ने 13 अक्टूबर को  रामपुर जेल में ही करीब आठ घंटे तक पूछताछ की थी.  शिकायत के आधार पर अजीमनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है. ईडी की शिकायत धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की धारा 66(2) से संबंधित बताई गई है.

दो महीने पहले हुई थी छापेमारी

आजम खान पर लंबे समय से कानून का शिकंजा कसा जा रहा है. जेल से बाहर आने के बाद दूसरे मामले में उन्‍हें वापस जेल भी भेज दिया गया था. उनके साथ जेल में उनके बेटे भी बंद हैं. ईडी का अनुमान है कि सरकारी ठेकों के जरिए आने वाले फंड को निजी ठेकेदारों की मदद से डायवर्ट किया गया है. आयकर की जांच में भी लगभग सौ करोड़ रुपये सरकारी बजट यूनिवर्सिटी के निर्माण पर खपाने की बात सामने आ चुकी है. इस बात का खुलासा पिछले महीने हुई छापेमारी में हुआ था.

आजम को 8 मामलों में सुनाई जा चुकी है सजा

मामला नया नहीं है, इसी मामले को लेकर पहले भी ईडी जांच कर चुकी है. अब तक मोहम्मद आजम खान के 16 मुकदमों में न्यायालय ने फैसला सुना दिया है. जिनमें आठ में सजा हुई है जबकि, अन्य आठ में क्लीन चिट मिली है. नया केस दर्ज होने के बाद एक बार फि‍र आजम की मुश्किलें बढ़ना तय माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें:जयपुर में हाईजैक अलर्ट के बाद एयर इंडिया की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, जर्मनी से आ रहा था विमान

Exit mobile version