BJP Counters Akhilesh Yadav Remark: उत्तर प्रदेश में अगले साल 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं. जिसकी तैयारियां अभी से जोरो-शोरों से शुरू हो गई है. एक ओर समाजवादी पार्टी सत्ता में वापसी के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहती, तो वहीं सत्ता में विराजमान भारतीय जनता पार्टी भी विधानसभा चुनाव में जीत अपने नाम करना चाहती है. इसके लिए सभी प्रमुख दलों ने अपनी-अपनी तैयारियां शुरू कर दी है. विधानसभा चुनाव की सुगबुगाहट के बीच तीखी जुबानी जंग भी जारी है. सपा और भाजपा एक-दूसरे पर निशाना साधते नजर आ रहे हैं.
दरअसल, समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भाजपा की अगुवाई वाले एनडीए गठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए एक पोस्ट किया था. जिसके बाद भाजपा ने सपा के साथ ही कांग्रेस पर निशाना साधा है. भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने अखिलेश यादव की पोस्ट पर पलटवार करते हुए कहा कि अखिलेश यादव नए सहयोगियों की तलाश में हैं. लेकिन उनको ‘चाचा और चच्चा’ ही सियासी गच्चा देंगे. इस दौरान प्रवक्ता ने सपा नेता शिवपाल यादव को चाचा और आजम खान को चच्चा कहते हुए निशाना साधा.
क्या बोले बीजेपी प्रवक्ता?
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि अखिलेश यादव मौजूदा कांग्रेस गठबंधन को लेकर चिंतित हैं, क्योंकि कांग्रेस अपने सांसद इमरान मसूद से बयान दिलवाकर सपा पर दबाव बनवाने की कोशिश कर रही है. सपा कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर असहज है. जिसके चलते अखिलेश यादव नए साथियों की तलाश में जुट गए हैं. इसलिए भाजपा के सहयोगी दलों पर डोले डाल रहे हैं.
ये भी पढ़ेंः कुर्सी नहीं मिलने पर भड़का गार्ड, हरी झंडी दिखाने से किया इनकार, 38 मिनट तक थमे रहे ट्रेन के पहिए
अखिलेश ने NDA की सीट शेयरिंग को लेकर किया दावा
बता दें, अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया पर दावा किया था कि भाजपा अपने सहयोगियों को यूपी विधानसभा चुनाव में कितने सीट देने जा रही है. अखिलेश यादव के अनुसार, आरएलडी को 73, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) को 39, निषाद पार्टी को 31 और अपना दल (एस) को 19 सीट मिलेंगी. अखिलेश यादव के इस पोस्ट के बाद भाजपा और सपा के बीच तीखी जुबानी जंग जारी है.
