UP News: माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान की गुरुवार को सड़क हादसे में मौत हो गई. शनिवार को अबान को कसारी-मसारी स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया. कड़ी सुरक्षा और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अबान को सुपुर्द-ए-खाक किया गया. इस दौरान अतीक परिवार के रिश्तेदार और उनके समर्थकों की भारी भीड़ जमा रही, लेकिन इसी दौरान काली फिल्म लगी एक गाड़ी भी अंदर प्रवेश की, जिसको लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया. कार के अंदर कौन था. अभी इसको लेकर संशय बना हुआ है. कुछ लोगों का कहना है कि कार के अंदर अबान की मां शाइस्ता परवीन थी, तो वहीं परिवार के लोग अतीक की बहन होने का दावा कर रहे हैं.
अबान के सुपुर्द-ए-खाक में भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने कब्रिस्तान में बैरिकेडिंग लगा दी. वहां से अंदर प्रवेश करने वालों का पहचान पत्र पुलिस ने चेक किया, लेकिन जब भीड़ ज्यादा ही बढ़ गई, तो पहचान पत्र की जांच धरी की धरी रह गई. भीड़ बैरिकेडिंग को हटाते हुए अंदर घुस गई. इसी बीच एक काली रंग की कार, जिसके शीशे में भी काली फिल्म लगी थी. वह प्रवेश कर गई.
शाइस्ता को लेकर पुलिस ने क्या कहा?
कार को लेकर लोगों का मानना है कि अबान की मां शाइस्ता सवार थी. हालांकि, पुलिस ने इस बात को सिरे से खारिज कर दिया है. पुलिस का कहना है कि यह सिर्फ अफवाह है. पुलिस दिनभर अलर्ट मोड पर रही.
ये भी पढ़ेंः 9 राज्यों में फरारी, विदेश में होने का दावा, आखिर कहां है शाइस्ता परवीन? बेटे के जनाजे में होगी शामिल!
पैरोल पर आए थे दोनों भाई
अबान के जनाजे में शामिल होने के लिए उसके दोनों भाई उमर और अली भी पहुंचे थे, जो वर्तमान में जेल में बंद है. इस दौरान दोनों भाइयों की रिश्तेदारों और परिवार को सदस्यों से भी मुलाकात हुई. उमर और अली 4 साल बाद पैरोल पर कुछ ही घंटों के लिए बाहर निकले थे. जब अबान के शव को देखा, तो दोनों रो पड़े. अबान को कसारी-मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया है. जहां पर उनके पिता अतीक अहमद, चाचा अशरफ, भाई असद को दफनाया गया है.
