Saharanpur: भारतीय जनता पार्टी के विधायक नंद किशोर गुर्जर ने समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि अगर इकरा हसन शादी करें तो हिंदू लड़के तैयार हैं. हम उनकी शादी हिंदू गुर्जर लड़कों से करा सकते हैं. अगर वे हिंदू से शादी करती हैं तो हम भी उन्हें बेटी मानेंगे. करीब 1 साल पहले इकरा हसन ने गुर्जर समाज के लोगों से पूछा था कि क्या मैं आपकी बेटी नहीं हूं?
दरअसल, विधायक नंद किशोर गुर्जर शनिवार शाम 5 बजे गोरक्षा दल के पहले स्थापना दिवस पर सहारनपुर पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने इकरा हसन को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि हमारे यहां भी लड़कियां आईएएस, डॉक्टर और इंजीनियर हैं. अगर इकरा हसन चाहें तो शादी कर सकती हैं. गुर्जर समाज ने तो हमेशा उन्हें अपनी बेटी माना है.
जातियों में बंटने के बजाय परिवार के रूप में आगे बढ़े
इस दौरान उन्होंने गौ रक्षा को लेकर कहा कि इसकी जिम्मेदारी सिर्फ किसी संगठन या व्यक्ति की नहीं है. हर सनातनी को गायों के संरक्षण के लिए आगे आना होगा. इतना ही नहीं इस दौरान उन्होंने कैराना पलायन, मुजफ्फरनगर दंगे और कानून-व्यवस्था का भी जिक्र किया और कहा कि हिंदू समाज को जातियों में बंटने के बजाय एक परिवार की तरह आगे बढ़ना चाहिए.
ये भी पढे़ंः राहुल गांधी के साथ आए स्वामी प्रसाद मौर्य, 2027 चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में नया गठजोड़
इमरान मसूद को लेकर क्या बोले?
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद को लेकर कहा कि अब उनके भी सुर बदले हुए हैं. पहले जब प्रदेश में भाजपा की सरकार नहीं थी तो वे जेहादी-जेहादी की बातें करते थे. लेकिन आज कानून की बात करने लगे हैं. इस दौरान उन्होंने हलाला को लेकर भी बात की. उन्होंने कहा कि अगर हर व्यक्ति यह समझे कि दूसरे की बेटी भी मेरी बेटी है. उसके साथ गलत होने पर मुझे भी उतनी ही तकलीफ होनी चाहिए, तो ऐसी प्रथाएं खत्म होंगी. फिलहाल, भाजपा विधायक का सपा सांसद पर दिया गया बयान अब खूब वायरल हो रहा है.
