कांवड़ यात्रा से पहले प्रशासन की सख्ती! इन चीजों का रखना होगा खास ध्यान, वरना हो सकती है समस्या
कांवड़ यात्रा को लेकर यूपी प्रशासन का बड़ा नियम
Height And Sound Limits: उत्तर प्रदेश में सावन महीने में निकलने वाली कांवड़ को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. अगर आप भी कांवड़ यात्रा पर जा रहे हैं या जाने का विचार कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए है. क्योंकि यूपी प्रशासन ने कांवड़ यात्रा को लेकर कई बड़े नियम लागू कर दिए हैं. इतना ही नहीं, नियम तोड़ने वालों के लिए कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है. जानें क्या हैं नियम?
यूपी प्रशासन के मुताबिक, इस साल कांवड़ यात्रा में इस्तेमाल होने वाले डीजे या म्यूजिक सिस्टम की ऊंचाई तय की गई है. जिसके अनुसार ऊंचाई 10 फीट और चौड़ाई 12 फीट से ज्यादा नहीं होगी. इसके साथ ही म्यूजिक सिस्टम को भी 75 डेसीबल से ज्यादा तेज नहीं बजाया जा सकेगा. ताकि किसी को कोई डिस्टर्बेंस न हो. अगर कोई नियमों का उल्लंघन करते पाया गया, तो उसके खिलाफ मुकदमा तक दर्ज किया जा सकता है.
सिर्फ धार्मिक गीतों को बजाने की अनुमति
प्रशासन ने डीजे की ऊंचाई, आवाज, बजने वाले गानों से लेकर होटल और ढाबों तक के लिए नए निर्देश जारी किए गए हैं. इतना ही नहीं यात्रा के दौरान सिर्फ धार्मिक गीतों को ही बजाया जा सकेगा. अगर कोई अश्लील गाने या ऐसे गाने जिससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंच सकती है. उन गानों को बजाया तो ठोस कार्रवाई की जाएगी. अस्पतालों के आसपास डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी.
ये भी पढ़ेंः ‘बड़ों को बचाने छोटो को बनाया जा रहा निशाना…’, चंदा चोरी की जांच को लेकर अखिलेश ने साधा निशाना
ढाबा और होटल में लगेगा QR कोड
कई बार ऐसा देखा गया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान ढ़ाबा वाले खाने में कुछ ऐसी चीजें मिला देते हैं, जिससे श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं पर ठेस पहुंचती है. इसलिए कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले होटल, ढाबे और रेस्तरां में क्यूआर कोड लगाना जरूरी कर दिया गया है. श्रद्धालु अपने मोबाइल से इसे स्कैन करके संचालक का नाम और खाने-पीने की चीजों की तय कीमत देख सकेंगे. प्रशासन के इस फैसले का श्रद्धालुओं ने स्वागत किया है.