Power Cut After Challan: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बाइक चालक का पुलिस ने हेलमेट न पहनने पर चालान काट दिया. चालान कटने के बाद बाइक चलाने वाला युवक, जो पेशे से एक संविदा बिजलीकर्मी है. वह पुलिसकर्मियों पर भड़क गया और दो पुलिस चौकियों की बिजली काट दी. इसकी जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया. फिलहाल, बिजली विभाग ने तुरंत टीम भेजकर बिजली आपूर्ति बहाल कराई. जानें क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, लखनऊ के नगराम में हेलमेट न पहनने पर बिजली विभाग के संविदा कर्मी का 6,000 रुपये का चालान काट दिया गया. जिसके बाद समेसी विद्युत उपकेंद्र में कार्यरत संविदा कर्मी अमरेंद्र ने कुछ ही समय बाद नगराम थाना, हरदोईया पुलिस चौकी और देवीखेड़ा पुलिस बूथ की बिजली आपूर्ति काट दी.
लाइनमैन का कटा 6,000 का चालान
लखनऊ में पुलिस इन दिनों वाहन चेकिंग अभियान चला रही है. इसी दौरान हाईटेंशन लाइन की पेट्रोलिंग के लिए जा रहे संविदा कर्मी अमरेंद्र को पुलिस ने रोक लिया और हेलमेट नहीं लगाने का आरोप लगाते हुए 6,000 रुपए का चालान काट दिया. पुलिस की इस कार्रवाई से बिजली विभाग में काफी नाराजगी बढ़ गई, जिसके बाद पुलिस थाने की ही बिजली काट दी. बिजली विभाग का कहना है कि लंबे समय से बिजली बिल बकाया होने की वजह से आपूर्ति बंद की गई है.
ये भी पढ़ेंः 10 अगस्त तक जेल में ही रहेंगे राम मंदिर चढ़ावा चोरी के सभी आरोपी, कोर्ट ने चौथी बार बढ़ाई न्यायिक हिरासत
बिजली कर्मचारी ने ऐसे लिया बदला!
फिलहाल, बिजली विभाग की इस कार्रवाई के बाद लोगों के बीच कई सवाल उठने लगे हैं. यह कार्रवाई क्या वास्तव में बकाया बिल की वजह से हुई है या फिर चालानी कार्रवाई का बदला लेने के लिए ऐसा किया गया. फिलहाल, अभी यह क्लियर नहीं हो पाया है कि आखिर पुलिस विभाग की बिजली आपूर्ति असल में किन वजहों से बंद की गई थी. यह मामला सामने आने के बाद चर्चा का विषय बना हुआ है.
