Vistaar NEWS

आजम खान की बढ़ीं मुश्किलें, जौहर यूनिवर्सिटी मामले में ED को मिली 4 दिन की रिमांड

सपा नेता आजम खान

सपा नेता आजम खान

Azam Khan ED Case: समाजवादी पार्टी के सीनियर नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री आजम खान की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) को उनसे चार दिन तक पूछताछ करने की अनुमति मिल गई है. गुरुवार को गाजियाबाद की विशेष अदालत ने ईडी की रिमांड अर्जी पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया. एजेंसी शुक्रवार से लखनऊ स्थित अपने कार्यालय में आजम खान से पूछताछ कर सकती है.

दरअसल, ईडी ने आजम खान से पूछताछ के लिए अदालत से सात दिन की कस्टडी रिमांड मांगी थी. एजेंसी का कहना था कि जौहर यूनिवर्सिटी और उससे जुड़े ट्रस्ट के वित्तीय लेनदेन की जांच के लिए आजम खान से विस्तार से सवाल करना जरूरी है. हालांकि, कोर्ट ने सात दिन के बजाय चार दिन की रिमांड मंजूर की.

जौहर यूनिवर्सिटी के फंड पर ED की नजर

ईडी की जांच का मुख्य केंद्र मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण में इस्तेमाल हुई रकम है. एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यूनिवर्सिटी को बनाने के लिए पैसा कहां से आया.

ईडी ने इस मामले में जौहर यूनिवर्सिटी की जमीन और इमारतों से जुड़ी करीब 426.46 करोड़ रुपये की संपत्ति अस्थायी रूप से अटैच की है. एजेंसी के मुताबिक, इन संपत्तियों की मौजूदा कीमत करीब 1,170 करोड़ रुपये है. जांच में किसानों की जमीन पर कथित कब्जे के आरोप भी शामिल हैं। हालांकि, ये सभी आरोप हैं और इन पर अंतिम फैसला अदालत को करना है.

31 अक्टूबर को हुई थी गिरफ्तारी

आजम खान को 31 अक्टूबर को रामपुर जेल से बाहर आते ही ईडी ने गिरफ्तार कर लिया था. इसके बाद एक नवंबर को गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेज दिया था. कुल मिलाकर आजम खान की मुश्‍किलें बढ़ती नजर आ रही हैं.

ये भी पढ़ें: पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए AAP ने जारी की उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट, किसे मिला मौका?

Exit mobile version