Vistaar NEWS

नितिन नवीन की टीम में यूपी के 8 चेहरों को जगह, स्मृति ईरानी महामंत्री, इन मुस्लिम नेताओं को मिली बड़ी जिम्मेदारी

BJP's national executive announced; Smriti Irani appointed General Secretary.

BJP की राष्ट्रीय कार्यकारिणी घोषित, स्मृति ईरानी बनाई गईं महामंत्री

Smriti Irani Mahamantri Nitin Team: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी घोषित कर दी है. इस टीम में उत्तर प्रदेश से 8 नेताओं को जगह मिली है. इसमें पूर्व कैबिनेट मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है. राज्य से दो मुस्लिम नेताओं तारिक मंसूर और कुंवर बासित अली को शामिल किया गया है. बीजेपी ने जातिगत समीकरण पर भी ध्यान दिया है. इसमें तीन ओबीसी, एक ब्राह्मण, एक पारसी, दो मुसलमान और एक दलित को स्थान दिया गया है.

स्मृति ईरानी राष्ट्रीय महामंत्री बनाई गईं

स्मृति ईरानी को बीजेपी ने राष्ट्रीय महामंत्री बनाया है. साल 2019 में ईरानी ने अमेठी लोकसभा सीट से चुनाव जीता था. शिक्षा, महिला एवं बाल विकास और कपड़ा मंत्रालय जैसे विभाग को संभाल चुकी हैं. बीजेपी के बड़े महिला चेहरों के तौर पर जानी जाती हैं.

इन्हें भी महामंत्री बनाया गया

बस्ती लोकसभा सीट से दो बार के सांसद रहे हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है. वे साल 2024 में हुए लोकसभा चुनाव में हार गए थे. वहीं, डॉ भोला सिंह बीजेपी के बड़े दलित चेहरों में से एक हैं. वे बुलंदशहर लोकसभा सीट से तीन बार के सांसद हैं.

कौन है तारिक मंसूर?

डॉक्टर तारिक मंसूर अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के कुलपति रह चुके हैं. उत्तर प्रदेश में मंसूर को बीजेपी के प्रमुख मुस्लिम बौद्धिक नेता के तौर पर जाना जाता है. वे विधानपरिषद के सदस्य हैं. उन्होंने पसमांदा मुस्लिमों तक बीजेपी की नीतियों को पहुंचाने का काम किया है. मुस्लिमों के बीच पार्टी को मजबूत बनाने के लिए प्रचार-प्रसार किया है. अब भाजपा ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी देकर बड़ा संदेश दिया है.

कुंवर बासित अली को बड़ी जिम्मेदारी

कुंवर बासित अली को बीजेपी ने अल्पसंख्यक मोर्चा का अध्यक्ष बनाया है. वे लंबे समय से पार्टी में सक्रिय हैं. जमीनी स्तर पर उन्होंने पार्टी की नीतिओं और पहल को लोगों तक पहुंचाया. कौमी चौपाल का आयोजन, मदरसों और दरगाहों में योग सत्र आयोजित करवाए. इसके साथ ही मोदी मित्र जैसे अभियान की अगुवाई की. मुस्लिम महिलाओं को भारतीय जनता पार्टी से जोड़ने का भी काम किया.

ये भी पढ़ें: नितिन नवीन की टीम का ऐलान, स्मृति ईरानी को बड़ी जिम्मेदारी, देखें पूरी लिस्ट

इन नेताओं को कार्यकारिणी में मिली जगह

धौरहरा लोकसभा सीट से दो बार की सांसद रहीं रेखा वर्मा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है. राज्यसभा सांसद संगीता यादव को राष्ट्रीय मंत्री और राज्यसभा सदस्य अमरपाल मौर्य को ओबीसी मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है.