आप बड़े घर के बेटे हैं… ओपी राजभर ने अखिलेश यादव के जन्मदिन पर कसा तंज
योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर और सपा के मुखिया अखिलेश यादव
OP Rajbhar Targets Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओपी राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा है. अखिलेश यादव के जन्मदिन पर ओपी राजभर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखते हुए सलाह दी है. जिसमें कहा, अखिलेश यादव को अब आलसी जिंदगी छोड़कर गांव-गांव घूमना चाहिए. अखिलेश बड़े घर के बेटे हैं, उनके पिता पूर्व मुख्यमंत्री और रक्षामंत्री रह चुके हैं. पढ़ें मंत्री ओपी राजभर ने क्या लिखा?
मंत्री ओपी राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा, ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करता हूं. बहुत सोचा कि आपको उपहार में क्या दूं. आप ठहरे बड़े घर के बेटे, पिताजी पूर्व सीएम और रक्षामंत्री रहे, आप खुद पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं, आलीशान बंगलों में जीवन गुजरा है. हम भला क्या दे सकते हैं आपको. मगर उम्र और अनुभव में बड़ा होने के नाते एक बेशकीमती सलाह हम आपको दे सकते हैं. इस सलाह को ही जन्मदिन पर मेरी तरफ से उपहार मानिएगा.
नए यूपी को देखिए और समझिए
सलाह यही है कि आप अपनी आलसी और आरामतलबी वाली जिंदगी से जितना जल्दी हो सके बाहर निकलिए. एसी और पीसी वाली राजनीति का जितना जल्दी हो सके त्याग करेंगे उतना आपके लिए अच्छा रहेगा. आलस से बाहर निकलकर गांव-देहात की पगडंडियां भी नापिए. गैर-यादव पिछड़ों, गरीबों, दलितों, वंचितों और समाज के हर वर्ग के बीच जाकर, उनके सुख-दुख में शामिल होइए. नये उत्तर प्रदेश को देखिए और समझने का प्रयास कीजिए.
एसी में बैठकर ट्विटर पर वीडियो मत देखिए
बस खाली एसी में बैठकर ट्विटर पर खेत-किसान, मेड़-पगडंडी वाला वीडियो मत देखते रहिए. खेत में जाकर खुद किसानी समझिए. हां, ये हो सकता है कि शुरु-शुरु में मेड़-पगडंडी पर चलते-चलते आपका पैर मुचुक जाए, कांटा धंस जाए. ऊपर से घाम भी लगेगा और पसीना से तर भी हो जाएंगे. लेकिन लगातार कोशिश करते रहेंगे तो एक न एक दिन गांव की राजनीति से प्रदेश की राजनीति का असली रास्ता भी समझ में आ ही जाएगा.
ये भी पढ़ेंः सपा विधायक कमाल अख्तर का मुख्य सचेतक पद से इस्तीफा, सांसद से झगड़ा है इस फैसले की वजह?
आपके लिए सलाह ही उपहार
अखिलेश बाबू, जमीन से जुड़ने का कोई शॉर्टकट नहीं होता, उसके लिए मेड़ पर गोड़ रगड़ना ही पड़ता है. हम ही से सीख लीजिए, 48 डिग्री में भी गांव-गांव घूमता हूं. बस इतना ही कहना था, आपके लिए यही उचित उपहार है हमारी तरफ से. ईश्वर आपको सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा दें. एक बार फिर जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं.