चंदा चोरी व‍िवाद के बाद राम मंदिर ट्रस्ट का बड़ा फैसला, दान पेटियों से बैंक खातों तक बदल द‍िए सारे नियम

Ram Mandir Trust: राम मंदिर ट्रस्ट ने दान प्रबंधन और वित्तीय व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए नए नियम लागू किए हैं. अब दान पेटियों से लेकर बैंक खातों तक हर प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी तरह की अनियमितता की गुंजाइश न रहे.
Ram Mandir

राम मंदिर

Ram Mandir Trust: अयोध्या के राम मंदिर में दान प्रबंधन को लेकर उठे विवाद के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अपनी वित्तीय और प्रशासनिक व्यवस्था में बड़े बदलाव करने का फैसला किया है. हाल में हुई ट्रस्ट की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए है. इस बदलाव का उद्देश्य दान की गिनती, बैंकिंग प्रक्रिया और कर्मचारियों की जवाबदेही को अधिक पारदर्शी बनाना है.

नई व्यवस्था के तहत अब मंदिर से जुड़े बैंक खातों की नियमित निगरानी होगी और दान राशि के जमा होने की प्रक्रिया को पहले से अधिक व्यवस्थित बनाया जाएगा. ट्रस्ट यह सुनिश्चित करना चाहता है कि दान पेटियों से निकलने वाली हर राशि का पूरा रिकॉर्ड रहे और किसी भी स्तर पर गड़बड़ी की संभावना न बचे. इसके लिए बैंकिंग प्रणाली और लेखा-जोखा की प्रक्रिया में अतिरिक्त सुरक्षा उपाय जोड़े जा रहे हैं.

क्‍या हुए नए बदलाव

दान पेटियों को खोलने, नकदी की गिनती और उसे बैंक तक पहुंचाने की प्रक्रिया में भी बदलाव किए गए हैं. अब इस पूरी प्रक्रिया में कई स्तरों पर निगरानी रखी जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका स्पष्ट होगी. कर्मचारियों के लिए भी नए दिशा-निर्देश लागू किए जाएंगे, ताकि नकदी के संपर्क में आने वाली हर गतिविधि का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके.

इन फैसलों की पृष्ठभूमि हाल में सामने आए कथित दान गड़बड़ी मामले को माना जा रहा है. जांच एजेंसियां पहले से ही बैंक खातों, दान राशि और रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही हैं. इसी क्रम में ट्रस्ट ने अपनी कार्यप्रणाली को और मजबूत करने का निर्णय लिया है ताकि भविष्य में किसी भी तरह की अनियमितता की आशंका खत्म की जा सके.

ट्रस्‍ट का बयान भी आया सामने

ट्रस्ट का कहना है कि श्रद्धालुओं का विश्वास सर्वोच्च प्राथमिकता है और दान की प्रत्येक राशि का उपयोग निर्धारित उद्देश्यों के लिए ही किया जाएगा. हाल ही में ट्रस्ट ने यह भी स्पष्ट किया था कि मंदिर को प्राप्त सोना-चांदी और अन्य चढ़ावे सुरक्षित हैं तथा उनके संरक्षण के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है.

इन नए नियमों के लागू होने के बाद राम मंदिर में दान प्रबंधन की पूरी व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और तकनीकी निगरानी वाली मानी जा रही है. ट्रस्ट को उम्मीद है कि इससे श्रद्धालुओं का भरोसा और मजबूत होगा तथा मंदिर की वित्तीय व्यवस्था अधिक व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सकेगी.

ये भी पढ़ें:582 करोड़ कैश, 15 क्विंटल चांदी और 32KG सोना… राम मंदिर चढ़ावे की पूरी डिटेल, जानें कहां-कितना हुआ खर्च

ज़रूर पढ़ें