Vistaar NEWS

यूपी चुनाव की तैयारियों में BJP सबसे आगे, दिल्ली भेजे 209 प्रत्याशियों के नाम, अब आलाकमान के पाले में गेंद

CM Yogi

सीएम योगी आदित्यनाथ

BJP 209 Candidates List: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अब गिना-चुना समय ही बचा है. सभी दलों ने पूरे दमखम के साथ चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी है. तैयारियों में सबसे आगे भारतीय जनता पार्टी (BJP) दिखाई दे रही है. क्योंकि यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 209 प्रत्याशियों की सूची मंजूरी के लिए दिल्ली भेज दी है. अब आलाकमान सूची का फीडबैक, आंतरिक सर्वे और गहन मंथन के बाद मुहर लगाएगा. सीएम योगी ने जिन 209 नामों की लिस्ट दी है. उनकी जीत पर पूरा भरोसा जताया है.

यूपी चुनाव की तैयारियों में पूरी तरह से भाजपा जुट गई है और प्रत्याशियों के चयन प्रक्रिया में पहला और बड़ा कदम उठाया है. भाजपा ने पिछले लोकसभा चुनाव और एमएलसी चुनाव को देखते हुए यह फैसला लिया है. क्योंकि इन चुनावों में देरी की वजह से भाजपा को नुकसान उठाना पड़ा था.

209 प्रत्याशियों की लिस्ट भेजी

हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है कि सीएम योगी ने 209 प्रत्याशियों की लिस्ट आलाकमान को भेजी है. लेकिन मीडिया रिपोर्ट की माने तो सीएम योगी ने अलग-अलग फीडबैक लेकर सूची को फाइनल किया है. सीएम ने इन सभी नामों पर जीत का भरोसा जताया है, हालांकि यह लिस्ट अभी फाइनल नहीं हुई है, क्योंकि फाइनल दिल्ली से आलाकमान द्वारा किया जाएगा.

फीडबैक के आधार पर तैयार हुई लिस्ट

यूपी भाजपा ने जो लिस्ट जारी की है. वह सीएम योगी के फीडबैक सिस्टम के आधार पर है. इस लिस्ट को स्थानीय नेताओं से मुलाकात कर और कई तरह के समीकरणों को साधते हुए तैयार की गई है. पब्लिक जुड़ाव से लेकर जातीय समीकरण पर फोकस रखा गया है. ताकि चुनाव में किसी प्रकार की चूक न हो.

यूपी भाजपा में देखा गया कि जब-जब प्रत्याशियों की लिस्ट पहले जारी की जाती है, तो रिजल्ट अच्छे आते हैं, लेकिन चुनाव में लिस्ट जारी करने में देरी होती है, तो इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है. इससे दो उदाहरण सामने हैं. एक लोकसभा चुनाव और दूसरा एमएलसी चुनाव. इसलिए भाजपा विधानसभा चुनाव में कोई गलती नहीं करना चाहती है.

दिल्ली से टिकट फाइनल

फिलहाल, भले ही सीएम योगी ने अपनी लिस्ट तैयार कर ली है, लेकिन अंतिम मुहर आलाकमान से ही लगेगी. इसके लिए सूची को दिल्ली भेज दिया गया है. अब देखना यह भी होगा कि आखिर सीएम योगी की लिस्ट से कितने नाम हटाए या जोड़े जाते हैं.

Exit mobile version