UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं. वैसे-वैसे नेताओं के पाला बदलने का सिलसिला शुरू हो गया है. कई दलों नेता पार्टी बदल चुके हैं तो कई लोग पार्टी बदलने की तैयारी कर रहे हैं. इन सब के बीच अब समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि कई बीजेपी विधायक उनके संपर्क में हैं.
अखिलेश यही नहीं रुके, उन्होंने यह भी साफ किया कि इन नेताओं को पार्टी में शामिल करने को लेकर कई तरह की व्यावहारिक दिक्कतें हैं. अखिलेश ने कहा कि सपा किसी नेता को ऐसा आश्वासन नहीं देना चाहती, जिसे बाद में पूरा करना मुश्किल हो जाए. यही वजह है कि अब तक कुछ भी फाइनल नहीं किया है.
अखिलेश यादव ने क्या-क्या कहा?
लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान जब अखिलेश से BJP विधायकों के संपर्क में होने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि कई लोग संपर्क में हैं, लेकिन सवाल यह है कि उन्हें पार्टी में कैसे एडजस्ट किया जाए. उनके मुताबिक, सपा ऐसे वादे करने के पक्ष में नहीं है जिन्हें बाद में तोड़ना पड़े. उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दल अपनी रणनीति तैयार कर रहे हैं.
गठबंधन को लेकर जल्द होगा फैसला
अखिलेश ने यह भी संकेत दिया कि 2027 के चुनाव में सपा अपने मौजूदा सहयोगी दलों के साथ ही आगे बढ़ सकती है. उन्होंने कहा कि गठबंधन को लेकर तस्वीर जल्द साफ की जाएगी. सीटों के बंटवारे पर भी सपा पहले कह चुकी है कि चुनावी सीटों का फैसला जीतने की क्षमता को ध्यान में रखकर किया जाएगा.
राज्यसभा चुनाव से पहले तेज हुई बयानबाजी
अखिलेश का बयान उत्तर प्रदेश की राज्यसभा सीटों को लेकर चल रही सियासी हलचल के बीच भी आया है. सपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए राम गोपाल यादव और धनराज परिमल नाथवानी को उम्मीदवार बनाया है. वहीं BJP की ओर से डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने पलटवार करते हुए दावा किया कि सपा के 25 विधायक BJP के संपर्क में हैं. यानी दोनों दल एक-दूसरे के विधायकों के संपर्क में होने का दावा कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें:कौन हैं आराधना मिश्रा ‘मोना’? मिल सकती है यूपी कांग्रेस की कमान, अजय राय की हो सकती है छुट्टी
