Vistaar NEWS

UP चुनाव के लिए कांग्रेस ने सपा के सामने रखी 181 सीटों की मांग, खुद अखिलेश ने खोल दिया राज

akhilesh yadav and rahul

अख‍िलेश यादव और राहुल गांधी

UP election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. इस बीच समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चा तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने खुलासा किया है कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में 181 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है. अखिलेश ने यह बात हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट 2026 में कही है.

कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव से पूछा गया कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के लिए कितनी सीटों की मांग की है. इस पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ उनके संबंध काफी अच्छे हैं और पार्टी की मांग उम्मीद से ज्यादा है. जब उनसे पूछा गया कि क्या कांग्रेस 180 सीटें मांग रही है, तो अखिलेश ने दिलचस्प अंदाज में जवाब दिया, ‘180 में एक जोड़ दीजिए’ यानी कांग्रेस की मांग 181 सीटों की है.

सपा-कांग्रेस के बीच सीटों पर बन पाएगी सहमति?

उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं. ऐसे में अगर कांग्रेस 181 सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग करती है, तो सपा के हिस्से में बाकी सीटें आएंगी. हालांकि, अखिलेश यादव ने यह भी संकेत दिया कि उनकी पार्टी ने खुद कितनी सीटों पर चुनाव लड़ना है, इसका फैसला कर लिया है. उन्होंने गठबंधन में किसी तरह के बदलाव से इनकार करते हुए कांग्रेस के साथ रिश्तों को अच्छा बताया.

बीजेपी को हराने के लिए गठबंधन पर जोर

अखिलेश यादव का कहना है कि 2027 के चुनाव में बीजेपी को सत्ता से बाहर करना विपक्ष का साझा लक्ष्य है. इसके लिए विपक्षी दलों को एकजुट होकर चुनाव लड़ना होगा. हालांकि, सीटों की संख्या को लेकर दोनों दलों के बीच बातचीत आसान नहीं रहने वाली है.

कांग्रेस लंबे समय से उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश कर रही है. वहीं, सपा राज्य में प्रमुख विपक्षी दल है. ऐसे में दोनों पार्टियों के लिए सीटों का बंटवारा अहम चुनौती बन सकता है. अब देखना होगा कि 181 सीटों की मांग पर दोनों दल किस तरह सहमति बनाते हैं. साल 2027 के चुनाव में गठबंधन का अंतिम स्वरूप क्या रहता है. 

ये भी पढ़ें: मेकेदातु बांध पर कांग्रेस में दो फाड़, डीके शिवकुमार के बयान से तमिलनाडु के नेता नाराज

Exit mobile version