NDA Seat Sharing Soon: यूपी चुनाव 2027 अब नजदीक है. चुनाव को लेकर सभी दलों ने अपनी-अपनी तैयारियां भी शुरू कर दी हैं. भारतीय जनता पार्टी ने भी अपना माइक्रो मैनेजमेंट प्लान तैयार करना शुरू कर दिया है. सूत्रों की माने तो यूपी चुनाव को लेकर 25 से अधिक बिंदुओं पर रणनीति बनाई जा रही है. इसके साथ ही NDA में सीट बंटवारे की चर्चा भी जल्द शुरू होने की संभावना है. इस दौरान सीटों की संख्या और दावेदारी पर भी मंथन होगा.
यूपी चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा ने बूथ से लेकर विधानसभा स्तर तक संगठन को मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है. सूत्रों के मुताबिक, हर विधानसभा के मंडलों में जातीय समीकरण और प्रमुख नेताओं का डेटा जुटाया जाएगा. इस दौरान हर विधानसभा क्षेत्र के 100 सक्रिय महिलाओं और प्रभावशाली लोगों की सूची भी तैयार होगी.
नेटवर्क के जरिए होगा काम
प्रदेश में हर मंडल से 25 और हर बूथ से 5 सक्रिय एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की पहचान की जाएगी. ग्राम प्रधानों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सरकारी कर्मचारियों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों का नेटवर्क तैयार होगा. इसके साथ ही बीजेपी के नाराज नेताओं-कार्यकर्ताओं के साथ दूसरे दलों के असंतुष्ट कार्यकर्ताओं पर भी नजर रहेगी.
प्रभावशाली व्यक्तियों की सूची होगी तैयार
इसके अलावा मठों, मंदिरों, गुरुद्वारों, NGOs, खिलाड़ियों, गायकों और प्रभावशाली व्यक्तियों की सूची बनाई जाएगी. ठेकेदारों, व्यापारियों, किसानों, उद्योगपतियों और सहकारी संस्थाओं से जुड़े लोगों तक भी पहुंच बनाने की योजना है. महिला, युवा, अनुसूचित और पिछड़ा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय किया जाएगा.
वोटर्स को भावनात्मक जोड़ने का प्रयास
भाजपा ऐसी रणनीति पर काम कर रही है कि कि किसी भी विधानसभा में कोई चूक न हो. इसके लिए पूरे दमखम के साथ तैयारी शुरू कर दी है. हर बूथ पर 11 मोटरसाइकिल सवार कार्यकर्ताओं की टीम बनाने और सप्ताह में एक बार बाइक यात्रा निकालने की तैयारी है. प्रत्येक बूथ पर पांच स्थानों पर कमल का चुनाव चिह्न बनवाने की भी योजना है. लाभार्थियों के घर जाकर चाय-पानी के जरिए संपर्क और संवाद बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा, ताकि लोगों को भावनात्मक रूप से पार्टी के प्रति जोड़ सकें.
दलित और अनुसूचित जाति वर्ग पर फोकस
दलित और अनुसूचित जाति वर्ग में नए सदस्य बनाने तथा सामाजिक संपर्क बढ़ाने की रणनीति बनाई गई है. प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 50 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की सूची तैयार की जाएगी. यूपी में भाजपा बूथ मैनेजमेंट, जातीय समीकरण, सामाजिक संपर्क और सोशल मीडिया नेटवर्क के जरिए 2027 में जीत का रास्ता मजबूत करने की तैयारी में है.
इसके साथ ही जल्द भाजपा यूपी में 2027 के लिए NDA में सीट बंटवारे की तैयारी शुरू कर सकती है. सूत्रों के मुताबिक, भाजपा अपने सहयोगी दलों से सीटों पर बातचीत के लिए चार बड़े नेताओं को जिम्मेदारी सौंपने का प्लान बना रही है.
किस पार्टी से कौन करेगा बात?
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद RLD से बातचीत कर सकते हैं. अपना दल (S) से बातचीत की जिम्मेदारी ब्रजेश पाठक को मिल सकती है. निषाद पार्टी से सीटों पर चर्चा पंकज चौधरी कर सकते है. सुभासपा से बातचीत का जिम्मा केशव प्रसाद मौर्य को मिल सकता है. पिछले चुनावों के प्रदर्शन और सहयोगियों की मांग के आधार पर सीटों का फॉर्मूला तय हो सकता है.
