Vistaar NEWS

उत्तर प्रदेश में अखिलेश की बढ़ेंगी मुश्किलें? कांग्रेस ने रख दी अपनी डिमांड लिस्ट, कौन सी 181 सीटें मांगी

up election 2027

कांग्रेस बढ़ाएगी अख‍िलेश की मुश्‍किलें?

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की कवायद तेज हो गई है. INDIA गठबंधन के दोनों प्रमुख दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर अब बातचीत निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिखाई दे रही है. कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के सामने 181 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का प्रस्ताव रखा है. पार्टी ने इन सीटों की पूरी सूची भी सपा नेतृत्व को सौंप दी है.

दरअसल, कांग्रेस की ओर से प्रस्तावित 181 सीटों में 135 सामान्य वर्ग की, 45 अनुसूचित जाति (SC) के लिए आरक्षित और एक अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित सीट शामिल है.

खास बात यह है कि इस लिस्ट में पश्चिमी यूपी से लेकर पूर्वांचल और बुंदेलखंड तक की विधानसभा सीटों को जगह दी गई है. इनमें बागपत, लोनी, बुलंदशहर, मथुरा, आगरा ग्रामीण, फतेहपुर सीकरी, पीलीभीत, शाहजहांपुर, रायबरेली, अमेठी और कानपुर कैंट जैसी सीटें शामिल हैं.

खड़गे की बैठक में बनी रणनीति

सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 16 नवंबर को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की. इसमें राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और यूपी कांग्रेस के प्रमुख नेता शामिल हुए. बैठक में चुनावी तैयारियों के साथ सपा के सामने सीटों को लेकर अपना पक्ष मजबूती से रखने की रणनीति पर चर्चा हुई.

गौरतलब है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस महज दो सीटें जीत सकी थी. पार्टी को 2.33 फीसदी वोट मिले थे. वहीं, कांग्रेस का तर्क है कि कई इलाकों में उसका संगठन मजबूत हुआ है.  उसे गठबंधन में सम्मानजनक हिस्सेदारी मिलनी चाहिए.

कांग्रेस अध्‍यक्ष ने दी सोशल मीडिया पर जानकारी

मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए लिखा कि आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर गहन चर्चा हुई.

उत्तर प्रदेश के आने वाले चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देंगे. प्रदेश की जनता परिवर्तन की ओर देख रही है.  सामाजिक न्याय, समान अवसर तथा वंचित वर्गों के अधिकारों को मजबूत होते देखना चाहती है. मुझे पूरा विश्वास है कि कांग्रेस पार्टी, INDIA गठबंधन के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश की जनता के सामने एक मजबूत विकल्प प्रस्तुत करेगी.

Exit mobile version