UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं. पूर्व मंत्री और अपनी जनता पार्टी के प्रमुख स्वामी प्रसाद मौर्य ने शनिवार को नई दिल्ली में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से मुलाकात की. दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात 10 जनपथ पर हुई. मुलाकात के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य ने अपनी पार्टी के INDIA गठबंधन में शामिल होने का ऐलान कर दिया.
मीडिया से बातचीत में मौर्य ने कहा कि अपनी जनता पार्टी अब INDIA गठबंधन के साथ मिलकर चुनावी राजनीति करेगी. सीटों के बंटवारे और चुनावी रणनीति पर आगे गठबंधन के नेताओं के साथ बातचीत की जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि उनकी इच्छा है कि राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बनें.
‘भाजपा को हटाना और संविधान बचाना लक्ष्य’
स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि उनकी पार्टी का उद्देश्य विपक्षी दलों के साथ मिलकर भाजपा को चुनौती देना और संविधान की रक्षा के मुद्दे को आगे बढ़ाना है. उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी देशभर में SC, ST, OBC और अल्पसंख्यकों से जुड़े मुद्दे उठा रहे हैं. उनकी पार्टी भी उत्तर प्रदेश में इन्हीं विषयों को लेकर एक्टिव है.
मौर्य ने बोला सीएम योगी पर हमला
मौर्य ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए बेरोजगारी, महंगाई, आरक्षण, किसानों और शिक्षा से जुड़े मुद्दे भी उठाए. उन्होंने कहा कि करोड़ों युवा रोजगार की तलाश में हैं. किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य नहीं मिल रहा. उनका आरोप है कि सरकारी स्कूलों की संख्या घट रही है. देश की बड़ी आबादी आज भी खाद्यान्न पर निर्भर है.
कई दलों के साथ आने का दावा
यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य की पार्टी 2027 में INDIA गठबंधन के साथ चुनाव लड़ेगी. उन्होंने कहा कि 2029 के लोकसभा चुनाव में भी मौर्य राहुल गांधी के नेतृत्व वाले गठबंधन के साथ रहेंगे. मौर्य पहले BSP में रहे, फिर भाजपा में शामिल हुए. साल 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा छोड़कर समाजवादी पार्टी में चले गए थे. योगी सरकार में वह श्रम, रोजगार और समन्वय मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं.
ये भी पढ़ें: विजय माल्या को झटका! SBI ने कोर्ट में दिया पाई-पाई का हिसाब, अभी भी ₹8,752 करोड़ बाकी
