Yogi Government Health Relief: उत्तर प्रदेश सरकार लगातार प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए समय-समय पर नियमों में जरूरी बदलाव करती रहती है. इस बीच योगी सरकार ने आम जनता को उपचार से जुड़े नियमों में बदलाव कर बड़ी राहत दी है. प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर हेल्थ एटीएम मशीन स्थापित किए गए हैं.
इसके जरिए मरीज स्वास्थ्य विभाग द्वारा तय किए गए फीस देकर कुछ जांच कर सकते थे. लेकिन सरकार अब इन एटीएम मशीनों से होने वाली जांचों में लगने वाली शुल्क को पूरी तरह से फ्री करने का ऐलान किया है. यानी अब अगर कोई भी मरीज हेल्थ एटीएम के जरिए जांच कराता है, तो उसे कोई फीस नहीं देना होगा. इसका फीस खुद सरकार देगी.
अब खून जांच के लिए नहीं लगेगा 50 रुपये का शुल्क
बता दें कि सरकार ने प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में हेल्थ एटीएम लगवाए हैं. इनके जरिए मरीजों की खून और पेशाब जांच जैसी सामान्य जांचें की जाती हैं. खून जांच के लिए सरकार 50 रुपये शुल्क लेती थी. अब हेल्थ एटीएम का संचालन ऐसी एजेंसी को सौंपा जाएगा, जो मरीजों से शुल्क लिए बिना सभी उपलब्ध जांचें करेगी. अब सरकार खुद एजेंसी को पैसा देगी.
हेल्थ एटीएम से कौन-कौन सी जांचें होती हैं?
- हेल्थ एटीएम एक आधुनिक मशीन है, जिसमें मरीज कुछ ही मिनटों में कई जरूरी जांचें करा सकते हैं.
- इस मशीन से ब्लड प्रेशर, पल्स रेट, बुखार, शरीर में ऑक्सीजन की मात्रा और बॉडी फैट जैसी जांचें तुरंत हो जाती हैं.
- इसके अलावा शुगर, हीमोग्लोबिन और लिपिड प्रोफाइल जैसे टेस्ट भी आसानी से हो जाते हैं.
- इस मशीन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह डिजिटल तकनीक से चलती है और टेलीकंसल्टेशन से जुड़ी होती है.
- इसी वजह से मरीज को जांच के बाद तुरंत रिपोर्ट मिल जाती है.
- इसके बाद मरीज रिपोर्ट लेकर डॉक्टर के पास जाता है, जहां उसका सही इलाज हो पाता है.
मरीजों को मिलेगी राहत
हेल्थ एटीएम से जांच फ्री होने से गरीब और जरूरतमंद मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी. अब उन्हें छोटी-छोटी जांचों के लिए पैसे खर्च नहीं करने पड़ेंगे. सरकारी अस्पतालों में ही तुरंत जांच और रिपोर्ट मिलने से समय भी बचेगा. इससे मरीजों को जल्दी इलाज शुरू करने में मदद मिलेगी.
