UP BJP Candidate List 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं. चुनाव में अभी समय है, लेकिन बीजेपी के संभावित उम्मीदवारों को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है. इसी बीच खबर आई कि पार्टी ने 209 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम लगभग तय कर लिए हैं. हालांकि, यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने इस दावे पर सवाल खड़े कर दिए हैं. उन्होंने साफ कहा कि उन्हें ऐसी किसी सूची के फाइनल होने की जानकारी नहीं है.
कन्नौज में मीडिया से बातचीत के दौरान पंकज चौधरी से जब 209 उम्मीदवारों के नाम तय होने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं मालूम कि इस तरह की खबर कहां से आई. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने ऐसी कोई बैठक नहीं की है, जिसमें उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लगाई गई हो.
टिकट के लिए कई स्तरों पर होती है चर्चा
पंकज चौधरी ने बीजेपी में उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया को लेकर भी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पार्टी में टिकट बांटने का फैसला किसी एक नेता के हाथ में नहीं होता. इसके लिए संगठन के अलग-अलग स्तरों पर विचार-विमर्श किया जाता है. सबसे पहले जिला और क्षेत्रीय स्तर पर संभावित उम्मीदवारों को लेकर सुझाव मांगे जाते हैं. इन सुझावों को प्रदेश नेतृत्व के पास भेजा जाता है.
इसके बाद प्रदेश की कोर कमेटी और चुनाव समिति उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा करती हैं. यहां से नामों को केंद्रीय नेतृत्व के पास भेजा जाता है. अंत में दिल्ली में बीजेपी का संसदीय बोर्ड उम्मीदवारों के चयन पर अंतिम फैसला करता है. उन्होंने कहा कि पार्टी लंबे समय से इसी व्यवस्था के तहत काम कर रही है. संगठन में सामूहिक सहमति को महत्व दिया जाता है.
परिवार की पार्टी नहीं है बीजेपी
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने इस दौरान विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि बीजेपी किसी परिवार के इशारे पर चलने वाली पार्टी नहीं है, जहां एक व्यक्ति अपनी मर्जी से सभी फैसले कर ले. यहां संगठन की अपनी व्यवस्था है और उसी के अनुसार निर्णय लिए जाते हैं.
ये भी पढ़ें: मेरे पास पैसे नहीं हैं… PM मोदी से बोले मुख्यमंत्री DK शिवकुमार, सुनाया दिलचस्प किस्सा
