Vistaar NEWS

यूपी की वोटर लिस्ट में गजब का कांड! ‘रामहित शर्मा’ बना ‘राम ने शर्मा को मारा’, चुनाव आयोग का जवाब वायरल

UP SIR Draft List

वोटर लिस्‍ट में सामने आई गड़बड़ी

UP Voter List Error: उत्तर प्रदेश की वोटर लिस्‍ट में नामों को हिंदी में बदलने के दौरान हुई अजीबोगरीब गलतियां चर्चा का विषय बन गई हैं. अंग्रेजी से हिंदी में नाम लिखने के लिए इस्तेमाल किए गए सॉफ्टवेयर ने कुछ नामों का अर्थ ही बदल दिया. मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे.

मामला उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव की मतदाता सूची से जुड़ा है. इसमें ‘रामहित शर्मा’ का नाम गलत तरीके से ‘राम ने शर्मा को मारा’ दर्ज हो गया. इसी तरह ‘रामहित यादव’ को भी सॉफ्टवेयर ने ‘राम ने यादव को मारा’ लिख दिया. इन गलतियों को देखकर लोग हैरान रह गए.

दरअसल, अंग्रेजी में लिखे नामों को हिंदी में बदलने के दौरान सॉफ्टवेयर ने शब्दों को गलत तरीके से समझ लिया. इसके चलते नामों का अर्थ पूरी तरह बदल गया. इस मामले ने मतदाता सूची तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली तकनीक और उसकी जांच की प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने क्या कहा?

इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने चुनाव आयोग पर सवाल उठाए है. इसके जवाब में उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से प्रतिक्रिया दी गई. अधिकारी ने माना कि मतदाता सूची में नामों से जुड़ी गलतियां हुई हैं.

14 लाख से ज्यादा प्रविष्टियों की जांच

अधिकारियों के मुताबिक, विधान परिषद चुनाव की मतदाता सूची में कुल 14,81,310 प्रविष्टियों की जांच के दौरान 158 मामलों में नामों से जुड़ी गड़बड़ियां सामने आईं. एक अन्य मामले में पिता के नाम की जगह ‘B.Com’ दर्ज होने की बात भी सामने आई.

अधिकारियों ने इन गलतियों को सुधारने और संबंधित मामलों में स्पष्टीकरण लेने की बात कही है. इस घटना ने साफ कर दिया है कि मतदाता सूची जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज तैयार करते समय केवल सॉफ्टवेयर पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है. सही जानकारी सुनिश्चित करने के लिए मानवीय जांच भी जरूरी है, ताकि मतदाताओं को परेशानी का सामना न करना पड़े.

ये भी पढ़ें: JDU से निकाले जाने के बाद अनंत स‍िंंह को दूसरा झटका, पत्‍नी नीलम देवी का छ‍िना राज्यमंत्री का दर्जा

Exit mobile version