BJP Aditi Singh: उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. इससे पहले तमाम जातीय समीकरण साधने की कोशिश की जा रही है. चाहे कोई भी दल हो अपने पुराने नेताओं से मेल मुलाकात कर रहा है. इन सब के बीच रायबरेली सदर से बीजेपी विधायक अदिति सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं.पिछले कुछ दिनों से उनके बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में लौटने की अटकलें लगाई जा रही थीं.
इन चर्चाओं के बीच अदिति सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की. मुलाकात की तस्वीर सामने आने के बाद उनके पाला बदलने की चर्चाओं को फिलहाल विराम मिलता नजर आ रहा है. लेकिन फिर भी अटकलों को लेकर चर्चाएं आज भी जारी हैं.
अदिति सिंह ने 18 सितंबर को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की. हालांकि इसे शिष्टाचार भेंट बताया गया है. मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से भी मुलाकात की तस्वीर शेयर की गई. तस्वीर में दोनों नेता सामान्य और सहज अंदाज में नजर आ रहे हैं. अदिति सिंह ने भी इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया है.
कांग्रेस में लौटने की क्यों होने लगी थी चर्चा?
2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले अदिति सिंह को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं. दावा किया जा रहा था कि वह बीजेपी से असंतुष्ट हैं और दोबारा कांग्रेस का रुख कर सकती हैं. सोशल मीडिया पर भी इस तरह की अटकलें सामने आईं. हालांकि अदिति सिंह पहले ही ऐसी चर्चाओं को खारिज कर चुकी थीं.
कांग्रेस से शुरू हुआ था राजनीतिक सफर
अदिति सिंह का राजनीतिक सफर कांग्रेस से शुरू हुआ था. 2017 में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर रायबरेली सदर सीट से विधानसभा चुनाव जीता था. बाद में कांग्रेस से दूरी बढ़ी और उन्होंने बीजेपी का दामन थाम लिया.2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने उन्हें रायबरेली सदर से उम्मीदवार बनाया और उन्होंने जीत दर्ज की.
अदिति सिंह के पिता अखिलेश सिंह इसी सीट से कई बार विधायक रहे थे. ऐसे में रायबरेली सदर की राजनीति में अदिति सिंह की भूमिका को अहम माना जाता है.फिलहाल योगी आदित्यनाथ के साथ उनकी मुलाकात के बाद कांग्रेस में वापसी से जुड़ी चर्चाएं कमजोर पड़ती दिख रही हैं.
ये भी पढ़ें:ममता बनर्जी के साथ फिर खेला! नंदीग्राम के बाद अब रेजीनगर से उम्मीदवार ने नाम लिया वापस
