UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले मायावती ने सियासी गलियारों में हलचल पैदा कर दी है. बहुजन समाज पार्टी की मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने हाल ही में आकाश आनंद से उनकी जिम्मेदारियां छीनकर छोटे भतीजे ईशान आनंद को जिम्मेदारी दी. लेकिन 2 दिन बाद ही ईशान पर भी मायावती का भरोसा टूट गया और उन्हें भी अपना उत्तराधिकारी नहीं बनाने की बात कही. इतना ही नहीं मायावती ने आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ को राजनीति से सन्यास दिलवा दिया. अब उन्होंने अपनी भतीजी दीपिका आनंद पर विश्वास जताने की बात कही है. यहां जानें कौन हैं दीपिका आनंद और उनसे जुड़ी सारी जानकारी.
मायावती ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शनिवार को एक पोस्ट किया. जिसमें उन्होंने पहली बार अपनी भतीजी दीपिका आनंद का जिक्र किया और कहा कि मैं चाहती हूं कि अब राजनीति में सबसे छोटे भाई आनंद की बेटी दीपिका एंट्री करें और मेरी इच्छा है कि जरूरत पड़ने बसपा की कमान संभालें. यानी मायावती का अपने सभी भतीजों से विश्वास उठ गया है.
यूपी चुनाव से पहले हो सकती है राजनीतिक एंट्री
अब सबसे बड़ा सवाल है कि दीपिका आनंद कब राजनीति में एंट्री लेंगी? क्या यूपी चुनाव से पहले राजनीतिक मैदान में उतरेंगी. क्योंकि अब यूपी चुनाव को लेकर कुछ ही महीने बचे हैं. बसपा इस चुनाव में कोई भी मौका छोड़ना नहीं चाहती. अभी से जोर-शोर से इस चुनाव के लिए तैयारी शुरू कर दी है.
दीपिका आनंद को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
मायावती ने स्पष्ट किया है कि पार्टी में युवाओं की करीब 50 प्रतिशत भागीदारी तय की जाएगी. इसके साथ ही इस बार के चुनाव में जेन-जी पर फोकस किया जाएगा. यानी टिकट वितरण में जेन-जी का पूरा ध्यान रखा जाएगा. लेकिन दोनों भतीजों को लेकर स्पष्ट कर दिया है कि उन्हें कोई बड़ी जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी. ऐसे में मायावती के पास परिवार से सिर्फ उनकी भतीजी दीपिका आनंद बचती हैं. अगर दीपिका राजनैतिक जिम्मेदारियां लेने से बचती हैं तो किसी अन्य दलित वर्ग के कार्यकर्ता को जिम्मेदारी दी जाएगी.
ये भी पढ़ेंः आकाश आनंद के बाद अब भतीजे ईशान भी BSP से साइडलाइन? मायावती का बड़ा ऐलान, भाई के लिए रख दी शर्त…
क्या करती हैं दीपिका आनंद?
दीपिका आनंद मायावती की भतीजी और उनके सबसे छोटे भाई आनंद की बेटी हैं. इसके साथ ही आकाश आनंद और ईशान की बहन हैं. दीपिका वर्तमान में लंदन में कानून की पढ़ाई कर रही हैं. अब देखना यह होगा कि वे कब राजनीति में एंट्री करती हैं और बसपा में जिम्मेदारी संभालती हैं. हालांकि, अभी तक दीपिका की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है. लेकिन माना जा रहा है कि दीपिका यूपी चुनाव से पहले बसपा में शामिल हो सकती हैं.
