Aradhana Mishra Next UP Chief: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी बड़े बदलाव की तैयारी में है. सूत्रों के मुताबिक, यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय बदले जा सकते हैं. अब बड़ा सवाल है कि आखिर अजय राय के बाद यूपी में कांग्रेस की कमान किसके पास होगी? संभावना है कि जल्द ही नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान हो सकता है.
सूत्रों के मुताबिक, अजय राय की जगह पर आराधना मिश्रा ‘मोना’ को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिल सकती है. प्रदेश अध्यक्ष की रेस में मोना मिश्रा का नाम सबसे ऊपर है. यूपी चुनाव को भी अब कम ही समय बचा है. ऐसे में ऐन वक्त पर प्रदेश अध्यक्ष को बदलना भी कई सवाल खड़े कर रहा है. बुधवार की रात को पंजाब प्रदेश अध्यक्ष ने भी इस्तीफा दे दिया है. अब उनकी जगह पर किसी नए को मौका मिलेगा.
कौन हैं आराधना मिश्रा ‘मोना’?
आराधना मिश्रा ‘मोना’ कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी की बेटी हैं. जो प्रतापगढ़ की रामपुर खास सीट से कांग्रेस विधायक हैं. मोना 2014 में पहली बार रामपुर खास सीट से उपचुनाव में जीत दर्ज की थी. इसके बाद से लगातार 2017 और 2022 का चुनाव जीता. मोना मिश्रा का जन्म प्रयागराज में हुआ था. उनकी शादी साल 1999 में अंबिका मिश्रा से हुई. जिनका 1 बेटा और 1 बेटी है.
ये भी पढ़ेंः राज्यसभा में एक दूसरे के विरोधी होंगे बाप-बेटा, धनराज नथवानी के टिकट मिलने पर अटकलों की बाढ़
पिता रामपुर खास सीट से 9 बार लगातार रहे हैं विधायक
मोना मिश्रा के पिता प्रमोद तिवारी भी इस सीट से लगातार 9 बार विधायक रह चुके हैं. यानी कहा जा सकता है कि यह सीट उनके परिवार की पारंपरिक सीट है. प्रमोद तिवारी यूपी कांग्रेस में ब्राह्मण वर्ग के बड़े चेहरे माने जाते हैं और उनकी हर वर्ग में अच्छी खासी पैठ है. अब मोना मिश्रा का नाम यूपी में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के लिए चर्चा में है. फिलहाल, इस खबर के बाद प्रदेश की सियासी हलचल तेज हो गई है.
