Vistaar NEWS

शेख हसीना की वापसी से पहले बांग्लादेश में बिगड़े हालात, ब्लास्ट के बाद रोकी गई ट्रेन-बस सर्विस

Bangladesh News

हसीना की वापसी से पहले बिगड़े हालात

Bangladesh Politics: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी के ऐलान के बाद देश में सियासी हलचल तेज हो गई है. आलम यह है कि देश में 2 दिनों का लॉकडाउन भी लगाना पड़ गया था. जब से हसीना ने बांग्लादेश वापस लौटने की बात कही है. तभी से ही बवाल देखने को मिल रहा है. अब वहां कई जिलों में आगजनी, देसी बम धमाकों और झड़पों की नई घटनाएं सामने आई हैं. यही वजह है कि भारी सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है. वहीं शेख हसीना के गृह नगर गोपालगंज में बाजार बंद रखने और बस सेवाएं सस्पेंड करने का फैसला लिया गया है.

बांग्लादेश में पिछले एक महीने के दौरान 100 से ज्यादा जगहों पर देसी बम धमाकों और बड़े पैमाने पर आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं. यही वजह है कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में भी काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है. इन घटनाओं ने देश में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है.

अब तक 50 से ज्‍यादा केस दर्ज

बांग्लादेश की पुलिस भी इस तरह की घटनाओं पर सख्त नजर आ रही है. इसके बाद भी ये घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. पुलिस ने अब तक इन घटनाओं से जुड़े 50 केस दर्ज किए हैं और 80 लोगों को गिरफ्तार किया है. साथ ही साथ घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.

अवामी लीग का प्रदर्शन जारी

शेख हसीना की वापसी की घोषणा के बाद से अवामी लीग का प्रदर्शन जारी है. देश की कई शहरों में मार्च निकाले जा रहे हैं. पिछले दिनों 2 दिन का लॉकडाउन का ऐलान भी किया गया था. अवामी लीग की 8 मांगे हैं. इनमें सबसे प्रमुख मांग यह है कि पूर्व पीएम शेख हसीना और अवामी लीग के नेताओं के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं. इसके साथ ही पार्टी पर लगे प्रतिबंध को हटाया जाए. जेल में बंद राजनीतिक नेताओं और कार्यकर्ताओं को रिहा किया जाए. पार्टी की इन सब मांगों के अलावा जनता से जुड़ी भी कुछ मांगे हैं.

बांग्‍लादेश कब जाएंगी हसीना?

शेख हसीना ने 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है. 16 दिसंबर बांग्लादेश का विजय दिवस है. 1971 में इसी दिन पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सेना और मुक्ति वाहिनी के सामने आत्मसमर्पण किया था. शेख हसीना करीब 15 साल तक बांग्लादेश की प्रधानमंत्री रहीं हैं. अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन और सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बाद उन्हें सत्ता छोड़नी पड़ी थी. इसके बाद से ही वह भारत में रह रही हैं. 

Exit mobile version