Vistaar NEWS

गावस्कर-कपिल समेत 14 कप्तानों ने शहबाज सरकार को लिखी चिठ्ठी, जेल में बंद इमरान खान को लेकर रखी ये 3 मांगें

Imran Khan health

Imran Khan health

Imran Khan Health: पाकिस्तान क्रिकेट के इतिहास में इमरान खान एक बड़ा नाम हैं. वे दुनिया के लाजवाब क्रिकेटर्स में गिने जाते हैं. उन्होंने अपनी टीम को 1992 में वर्ल्ड कप भी जिताया था. अब तक पाकिस्तान एक ही बार ये खिताब जीत पाई है. क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद इमरान खान ने राजनीति में कदम रखा और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बने. हालांकि पिछले ढाई सालों में इमरान खान अलग-अलग मामलों के चलते जेल में बंद हैं और अब उनके पक्ष में गावस्कर-कपिल समेत 14 कप्तानों ने शहबाज सरकार को पत्र लिखा है.

इमरान के साथ हो रहे बर्ताव को लेकर पाकिस्तान सरकार को घेरा

दरअसल सुनील गावस्कर, कपिल देव समेत दुनियाभर की अलग-अलग टीमों के 14 कप्तानों ने इमरान खान के साथ हो रहे बर्ताव को लेकर पाकिस्तान सरकार को घेरा है. इन सभी पाक पीएम शहबाज के नाम चिठ्ठी लिखकर चिंता जाहिर की है और तीन मांगें भी रखी हैं. इमरान खान के बारे में हालिया समय में जो भी रिपोर्ट सामने आई हैं उनसे पता चलता है कि जेल में उनके साथ सही व्यवहार नहीं किया जा रहा है.

इन 14 कप्तानों ने लिखा पत्र

खबरों की मानें तो इमरान खान के आंखों की रोशनी मात्र 15 प्रतिशत ही बची है. इतना ही नहीं उन्हें समय पर इलाज भी नहीं दिया जा रहा है. भारत के पूर्व कप्तान गावस्कर और कपिल देव के अलावा ऑस्ट्रेलिया के एलन बॉर्डर, इयान चैपल, ग्रेग चैपल, किम ह्यूज, स्टीव वॉ, बेलिंडा क्लार्क, वेस्ट इंडीज के क्लाइव लॉयड, न्यूजीलैंड के जॉन राइट, इंग्लैंड के माइक आथर्टन, माइकल ब्रेयरली, डेविड गॉवर और नासिर हुसैन ने इमरान खान की सेहत और उनके साथ हो रहे बर्ताव के बारे में पाकिस्तान सरकार को चिठ्ठी लिखी है.

14 कप्तानों ने अपने पत्र में क्या लिखा?

इन सभी कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार के नाम पत्र में लिखा है, ‘हममें से कई उनके साथ खेले हैं, मैदान साझा किया है तो कई उन्हें देखकर खेलने लगे हैं. वह इस खेल के सबसे कमाल के ऑलराउंडर और कप्तानों में से एक हैं. उन्होंने काफी इज्जत पाई है. उनकी सेहत को लेकर जो हालिया खबरें आई हैं उनसे हम चिंतित हैं. कस्टडी में रहने के दौरान उनकी आंखों की रोशनी कम हो गई और पिछले ढाई साल से वे जेल में बंद हैं. हम उम्मीद करते हैं कि इमरान खान से जैसे कद के शख्स के साथ गरिमा और मानवीयता के मूलभूत सिद्धांतों के साथ बर्ताव हो.’

शहबाज सरकार के सामने रखी ये तीन मांगें

पूर्व क्रिकेटर्स ने शहबाज सरकार से जो तीन मांगें रखी हैं वो हैं-

  1. अंतरराष्ट्रीय मानकों के साथ मानवीय और गरिमापूर्ण तरीके से जेल में रखा जाए साथ ही करीबी रिश्तेदारों को नियमित रूप से मिलने दिया जाए.
  2. पूर्व क्रिकेटर इमरान खान की तुरंत उनकी पसंद के विशेषज्ञों के द्वारा मेडिकल जांच की जाए.
  3. बिना किसी अड़चन या दिक्कत के कानूनी प्रक्रिया उपलब्ध कराई जाए.
Exit mobile version