Vistaar NEWS

इजरायल चुनाव में ट्रंप की एंट्री! नेतन्याहू के समर्थन में उतरे, ईरान को भी दी चेतावनी

Israel elections 2026

नेतन्याहू और ट्रंप

Israel elections 2026: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को एक बार फिर खुलकर समर्थन दिया है. इजरायल में 27 अक्टूबर को होने वाले आम चुनाव से पहले ट्रंप ने वहां के लोगों से नेतन्याहू को दोबारा प्रधानमंत्री चुनने की अपील की है. उन्होंने नेतन्याहू की तारीफ करते हुए कहा कि दोनों देशों ने मिलकर ईरान के खिलाफ जो अभियान शुरू किया था, उसे पूरा करना अभी बाकी है. ट्रंप के इस बयान को इजरायल की चुनावी राजनीति और ईरान के साथ जारी तनाव से जोड़कर देखा जा रहा है.

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर नेतन्याहू के पक्ष में पोस्ट शेयर किया. उन्होंने दोनों नेताओं के रिश्तों को मजबूत बताते हुए कहा है. उन्‍होंने कहा कि अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान की सैन्य ताकत को कमजोर करने के लिए कार्रवाई की है. ट्रंप ने दावा किया कि इन अभियानों से ईरान की नौसेना, वायुसेना और अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचा है.

अमेरिकी राष्ट्रपति ने इजरायली मतदाताओं से कहा कि वे वोट डालते समय नेतन्याहू के नेतृत्व और उनके फैसलों को ध्यान में रखें. ट्रंप का मानना है कि नेतन्याहू के साथ मिलकर ईरान के खिलाफ अभियान को आगे बढ़ाया जा सकता है.

चुनाव में नेतन्याहू के सामने मुश्किल चुनौती

इजरायल में होने वाला यह चुनाव नेतन्याहू के राजनीतिक भविष्य के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है. चुनाव से पहले आए कई सर्वेक्षणों में उनके गठबंधन को बहुमत से पीछे दिखाया गया है. इजरायल की संसद में बहुमत हासिल करने के लिए 120 में से कम से कम 61 सीटों की जरूरत होती है.

ईरान के मुद्दे पर बढ़ सकती है सियासी गर्मी

चुनाव से पहले नेतन्याहू ने भी ईरान से जुड़े खतरे को प्रमुखता से उठाया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) से बनाई गई एक तस्वीर साझा की थी, जिसमें तेल अवीव में परमाणु विस्फोट जैसा दृश्य दिखाया गया था. उन्होंने इसे इजरायल की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया.

वहीं, विपक्षी नेताओं का आरोप है कि ईरान के खिलाफ सख्त रुख चुनावी समर्थन जुटाने की कोशिश का हिस्सा हो सकता है. नेतन्याहू ने इन आरोपों को स्वीकार नहीं किया है.

ये भी पढ़ें:आमिर खान के घर की रेकी, फिर टाइगर श्रॉफ की कार पर चला दीं गोलियां… क्या थी शूटर्स की असली साजिश?

Exit mobile version