Captain Smit Hijack Revenge Plot: फ्लाईदुबई फ्लाइट में उड़ान के दौरान कैप्टन स्मित मछार पर हमला करने वाले ओमानी को-पायलट हमाम अल-हम्ममी ने प्लेन क्रैश करने की कोशिश की थी. इसका खुलासा इजरायली मीडिया रिपोर्ट में हुआ है. इजरायल की मीडिया के मुताबिक, आरोपी को-पायलट हमाम अल-हम्ममी गाजा का बदला लेना चाहता था. इसलिए उसने उड़ान के दौरान ही कैप्टन स्मित पर हमला किया. फिलहाल, आरोपी को-पायलट पुलिस हिरासत में है.
दरअसल, यह मामला पिछले सप्ताह 30 सितंबर 2026 का है. जहां दुबई से इजरायल जा रही फ्लाइट में उड़ान के दौरान को-पायलट ने कैप्टन स्मित के ऊपर नुकीले हथियार से हमला कर दिया. इस दौरान आरोपी ने प्लेन को क्रैश करने की कोशिश की थी. इजरायली मीडिया के मुताबिक, को-पायलट की प्लानिंग थी कि वह कैप्टन को रास्ते से हटाने के बाद फ्लाइट को सामान्य रूप से उड़ाए और विमान को किसी एयरपोर्ट की बिल्डिंग या फिर खड़े विमान से क्रैश कर दे.
180 लोगों की बचाई थी जान
हालांकि, कैप्टन स्मित की सूझबूझ और बहादुरी की वजह से बड़ा हादसा टल गया. जब कैप्टन स्मित पर हमला हुआ तो उस दौरान विमान करीब 17,000 फीट की ऊंचाई पर था और विमान में करीब 180 लोग सवार थे. हमले के बावजूद भी कैप्टन स्मित ने हार नहीं मानी और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाबी हासिल की. कॉकपिट का दरवाजा खुलते ही इजरायली यात्रियों का ग्रुप सीधे अंदर पहुंच गया और हमलावर को पकड़कर काबू में लाया.
ये भी पढ़ेंः ‘नमाज पढ़ने के लिए उठा, फिर मेरे सिर पर किया वार…’, कैप्टन स्मित मछार ने बताया उस दिन क्या हुआ था?
स्मित की बहादुरी की दुनियाभर में चर्चा
मीडिया रिपोर्ट के सूत्रों के मुताबिक, इस हमले में कैप्टन स्मित की खोपड़ी में फ्रैक्चर हो गया है. जिसका इमरजेंसी में इलाज सऊदी अरब में किया गया. इसके बाद उन्हें इलाज के लिए UAE लाया गया. जहां इलाज जारी है. कैप्टन स्मित की बहादुरी को लेकर इजरायल के राष्ट्रपति ने सम्मानित करने की बात कही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी स्मित की बहादुरी को सलाम करते हुए उनका हालचाल जाना और हरसंभव मदद करने का आश्वासन दिया. इजरायली राष्ट्रपति ने घटना के बाद जांच के भी आदेश दिए हैं.
