Vistaar NEWS

पाकिस्तान में खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस, 40 की मौत, 8 घायल

Pakistan Bus Accident

पाकिस्तान बस हादसे में 40 की मौत

Passenger Bus Ravine Accident: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में यात्रियों से भरी एक बस खाई में गिर गई, जिसमें 40 लोगों की मौत हो गई. माना जा रहा है कि बस का अचानक से ब्रेक फेल हो गया, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. फिलहाल, हादसे की वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है.

जानकारी के अनुसार, बस में हादसे के दौरान कुल 48 लोग सवार थे, जिसमें 40 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 8 गंभीर रूप से घायल हैं. बस बलूचिस्तान के क्वेटा से पेशावर जा रही थी. लेकिन जैसे ही बस खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के डेरा इस्माइल खान जिले में पहुंची, तो बस का अचानक ब्रेक फेल हो गया. ब्रेक फेल होने की वजह से बस ने अपना नियंत्रण खो दिया और खाई में गिर गई.

40 लोगों की मौत

बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने कहा, हादसे की शुरुआती जांच के अनुसार, 40 लोगों की मौत की खबर आ रही है. जबकि कई लोग घायल हुए हैं. सभी मृतकों और घायलों की पहचान की जा रही है. मौके पर बचाव दल की टीम पहुंचकर राहत कार्य में जुटी है.

ये भी पढ़ेंः गोलीबारी झेलकर भारत पहुंचा इराकी तेल से भरा टैंकर, ओडिशा के पारादीप पोर्ट पर सुरक्षित पहुंची खेप

हादसे की जांच शुरू

राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने हादसे के बाद सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घायलों को हर संभव और बेहतरीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए. उन्होंने कहा, पूरा देश इस दुखद घटना में प्रभावित परिवारों के दुख में बराबर का भागीदार है. फिलहाल, सभी मृतकों के शवों को झोब DHQ भेज दिया गया है और हादसे की जांच की जा रही है.

Exit mobile version