Vistaar NEWS

होर्मुज में मिसाइल हमले ने ली भारतीय नाविक की जान, भारत ने ईरान के राजनयिक को किया तलब

ईरान के राजनयिक तलब

ईरान के राजनयिक तलब

India Iran Diplomatic Tension: ओमान के पास स्थित रणनीतिक रूप से बेहद अहम होर्मुज जलडमरूमध्य में हुए मिसाइल हमले ने भारत की चिंता बढ़ा दी है. इस हमले में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दो तेल टैंकरों को निशाना बनाया गया है, जिनमें काम कर रहे एक भारतीय नाविक की मौत हो गई. घटना के बाद भारत सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए नई दिल्ली में ईरान के वरिष्ठ राजनयिक को तलब किया. इसके साथ ही पूरे मामले पर अपना विरोध दर्ज कराया है.

विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि भारतीय नागरिक की मौत बेहद दुखद है और इस मामले की पूरी जांच कराई जानी चाहिए. भारत ने यह भी कहा कि समुद्री मार्गों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता है. सरकार ने मृतक नाविक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा भी दिया है.

कब हुआ समुद्र में हमला?

हमला उस समय हुआ जब तेल टैंकर होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे थे. यह समुद्री रास्ता दुनिया के सबसे व्यस्त और संवेदनशील व्यापारिक मार्गों में गिना जाता है. खाड़ी देशों से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल इसी रास्ते से दुनिया के अलग-अलग देशों तक पहुंचता है. ऐसे में यहां होने वाली किसी भी सैन्य घटना का असर वैश्विक व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ सकता है.

लगातार बढ़ता जा रहा है तनाव

हाल के महीनों में पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बढ़ा है. समुद्री जहाजों पर हमले, ड्रोन और मिसाइल घटनाओं ने इस क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं. भारत के हजारों नाविक और बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक खाड़ी देशों में काम करते हैं, इसलिए ऐसी घटनाएं भारत के लिए भी गंभीर चिंता का विषय बन जाती हैं.

फिलहाल भारत सरकार पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है. विदेश मंत्रालय स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियों के संपर्क में है ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों का पता लगाया जा सके. इसके साथ ही, भारतीय नागरिकों और समुद्री कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.

ये भी पढ़ें:ईरान में छपी ‘रिवेंज लिस्ट’, ट्रंप, नेतन्याहू समेत 13 नेताओं के नाम से मचा हड़कंप

Exit mobile version