Vistaar NEWS

अमेरिका ने 4 भारतीय कंपनियों को सैंक्शन लिस्ट से हटाया, कारोबार को मिली बड़ी राहत  

डोनाल्ड ट्रंप

डोनाल्ड ट्रंप

United States Department of the Treasury: अमेरिका ने भारत की चार कंपनियों को अपनी आर्थिक प्रतिबंध (सैंक्शन) सूची से हटा दिया है. यह फैसला अमेरिकी वित्त विभाग के ऑफिस ऑफ फॉरेन एसेट्स कंट्रोल (OFAC) की ताज़ा अपडेट में लिया गया. जिन भारतीय कंपनियों को राहत मिली है, उनमें आरआरजी इंजीनियरिंग टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड (हैदराबाद), लोकेश मशीन्स लिमिटेड  (हैदराबाद), गैलेक्सी बेयरिंग्स लिमिटेड  (अहमदाबाद) और शौर्य एरोनॉटिक्स प्राइवेट लिमिटेड  (दिल्ली) शामिल हैं.

इन कंपनियों पर साल 2024 में अमेरिका ने प्रतिबंध लगाए थे. उस समय आरोप लगाया गया था कि ये कंपनियां रूस को ऐसी तकनीक, उपकरण या अन्य सामग्री उपलब्ध कराने में शामिल थीं, जिनका इस्तेमाल रूस के औद्योगिक और रक्षा क्षेत्र में हो सकता था.

यह कार्रवाई रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद रूस पर लगाए गए अमेरिकी प्रतिबंधों को लागू करने की व्यापक नीति का हिस्सा थी. हालांकि अब इसमें राहत मिलना बड़ी उपलब्धि है.  

भारत की तरफ से शुरू हुई थी बातचीत

प्रतिबंध लगने के बाद भारत सरकार ने इस मुद्दे पर अमेरिका से बातचीत की थी. भारत ने स्पष्ट किया था कि वह अंतरराष्ट्रीय नियमों का पालन करने वाला जिम्मेदार देश है. भारतीय कंपनियों को निर्यात नियंत्रण से जुड़े कानूनों का पालन कराने के लिए लगातार कदम उठाता है.  

अब इन चार कंपनियों के नाम अमेरिकी स्पेशली डिज़िग्नेटेड नेशनल्स (SDN) सूची से हटाए जाने के बाद इनके लिए अंतरराष्ट्रीय व्यापार और वित्तीय लेनदेन करना पहले की तुलना में आसान हो जाएगा. इससे इन कंपनियों के वैश्विक कारोबार को भी राहत मिलने की उम्मीद है.  

किन क्षेत्रों से रहा इन कंपनियों का संबंध

इन चार कंपनियों में लोकेश मशीन्स लिमिटेड और गैलेक्सी बियरिंग्स लिमिटेड शेयर बाजार में सूचीबद्ध कंपनियां हैं। लोकेश मशीन्स दुनिया की कई बड़ी कंपनियों को मशीनरी और पुर्जे उपलब्ध कराती है, जबकि आरआरजी इंजीनियरिंग टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड का संबंध भारत के विमानन क्षेत्र से भी रहा है.

ये भी पढ़ें:भारत-जापान के बीच अब येन में होगा कारोबार! डॉलर की जरूरत होगी कम

Exit mobile version