Who is Nikhil Gupta: खालिस्तानी आतंकी और अमेरिकी नागरिक गुरपतवंत सिंह ‘पन्नू’ की हत्या की साजिश रचने के आरोप में मुख्य आरोपी निखिल गुप्ता ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. निखिल गुप्ता भारतीय नागरिक है, जिसने शुक्रवार को अमेरिका की कोर्ट में अपना जुर्म कबूला है. पहले तो निखिल अपने आप को निर्दोष बता रहा था, लेकिन शुक्रवार को जुर्म कबूल कर लिया. निखिल के ऊपर सुपारी देकर हत्या कराने, मनी लॉन्ड्रिंग और हत्या की साजिश रचने का आरोप है.
कानून के जानकारों के मुताबिक, निखिल गुप्ता के पास उन पर लगे सभी आरोपों के जुर्म को कबूल करने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा था, इसलिए उसने शुक्रवार को अपना जुर्म कबूल कर लिया. निखिल गुप्ता के खिलाफ अभियोजकों ने पर्याप्त सबूत जुटाए थे. इस मामले की सुनवाई 30 मार्च से शुरू होने वाली थी, जिसमें एक रिकॉर्डिंग पेश किया जाना था. उस रिकॉर्डिंग मे कथित तौर पर निखिल गुप्ता को एक हिटमैन के साथ 1 लाख डॉलर की सुपारी देने की बातचीत करते सुना गया.
क्यों किया जुर्म कबूल?
कोर्ट के पास निखिल गुप्ता के खिलाफ पर्याप्त सबूत मौजूद हैं. ऐसे में उसको सजा होना तय था. जुर्म कबूल करने से निखिल हाई प्रोफाइल ट्रायल से बच जाएगा. अगर हाई-प्रोफाइल ट्रायल के बाद उनको सजा सुनाई जाती, तो करीब 40 साल की सजा होती. जुर्म कबूल करने पर न्यायाधीश सजा में कुछ कमी कर सकते हैं. हालांकि, अमेरिकी सरकार ने निखिल गुप्ता के लिए 21 से 24 साल तक की सजा की सिफारिश की है. सजा किस दिन सुनाई जाएगी, अभी इसकी डेट भी फाइनल नहीं हुई है.
ये भी पढ़ेंः जावेद अख्तर ने बांग्लादेश में जमात-ए-इस्लामी की हार पर खुशी जताई, जानें क्या कहा?
कौन है गुरपतवंत पन्नू?
गुरपतवंत पन्नू भारत विरोधी गतिविधियों में काफी सक्रिय है. वह ‘सिख फॉर जस्टिस’ (SFJ) नाम के एक संगठन का काउंसल है, जो अमेरिका में रहता है. पन्नू की भारत विरोधी गतिविधियों की वजह से राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने उसके खिलाफ आतंकवाद संबंधित मामले दर्ज किए हैं. पन्नू एयर इंडिया के बहिष्कार और भारत विरोधी हरकतों के लिए इनाम की घोषणा कर चुका है.
