CG News: न्यायधानी बिलासपुर में सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुआ प्रेम संबंध एक खौफनाक हत्या में बदल गया. इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर ब्लॉक किए जाने से नाराज प्रेमिका ने प्रेमी के घर में घुसकर चाकू से सीने पर वार कर उसकी हत्या कर दी. घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के शिक्षक कॉलोनी की है.
पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है. सिविल लाइन थाना क्षेत्र के शिक्षक कॉलोनी उसलापुर में किराए के मकान में रहने वाला 25 वर्षीय कामता प्रसाद मधुकर हरी चटनी होटल में सहायक सेफ के रूप में कार्यरत था. वह मूल रूप से रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खूंटाघाट कर्रा का निवासी था और काम के सिलसिले में बिलासपुर में अपने दोस्त के साथ रह रहा था.
गर्लफ्रेंड ने सीने में चाकू गोदकर बॉयफ्रेंड की ली जान
- करीब कुछ महीने पहले कामता प्रसाद की दोस्ती सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से रोशनी सूर्यवंशी उर्फ श्रुति (22 वर्ष) से हुई थी.
- जो सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम झलमला की रहने वाली है, और वर्तमान में कुदुदंड क्षेत्र की रह रही. दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई और दोनों मिलने-जुलने लगे.
- बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में दोनों के बीच शादी को लेकर विवाद चल रहा था. इसी बीच कामता प्रसाद ने रोशनी को इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर ब्लॉक कर दिया.
- इससे नाराज युवती को शक था कि कामता किसी दूसरी लड़की से बातचीत कर रहा है. इसी शक और नाराजगी में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे रोशनी चाकू लेकर कामता के शिक्षक कॉलोनी स्थित कमरे पर पहुंच गई.
- घटना के समय कामता का एक दोस्त भी कमरे में मौजूद था. रोशनी ने कामता से उसका मोबाइल देखने की मांग की, लेकिन कामता ने मना कर दिया. इसी बात पर विवाद बढ़ गया.
- आरोप है कि गुस्से में आकर रोशनी ने अपने साथ लाए चाकू से कामता के सीने पर वार कर दिया. अचानक हुए हमले से कामता संभल नहीं पाया और एक ही वार में गंभीर रूप से घायल हो गया. कुछ ही पलों में उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
- शोर सुनकर आसपास के लोग और दूसरे कमरे में रहने वाले युवक मौके पर पहुंचे और युवती को पकड़ लिया.
- सूचना पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवती को हिरासत में लेकर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
सिर्फ डराने के लिए लेकर गई थी चाकू – युवती
पुलिस पूछताछ में आरोपी युवती ने दावा किया है कि वह प्रेमी को डराने के लिए चाकू साथ लेकर गई थी और खुद का नस काटने की धमकी दे रही थी. उसका कहना था कि मोबाइल को लेकर हुई छीना-झपटी के दौरान चाकू चल गया, हालांकि पुलिस इस बयान की पुष्टि विभिन्न पहलुओं से कर रही है.
एक दिन पहले ही पिता से शादी को लेकर की थी बात
मिली जानकारी के मुताबिक, युवक ने एक दिन पहले ही अपने पिता से अपनी शादी के संबंध में बातचीत की थी। जिस पर पिता ने उसे कहा था कि वह जहां चाहेगा उसकी शादी करा दी जाएगी। लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका कि मृतक आरोपी युवती से शादी करना चाह रहा था या किसी और से।
रात में बनाया रील, दोस्तों के साथ की मस्ती
युवक के साथ रहने वाले उसके दोस्तों ने बताया कि रात में ही मृतक ने अपने कई रील्स बनवाए थे, इस दौरान सभी ने खूब मस्ती भी की थी. उन्हें इसका अहसास तक नहीं था कि अगले दिन ही उसकी हत्या हो जाएगी.
नशे में दिखी युवती, बैठी रही शव के पास
प्राथमिक जांच में यह बताया गया कि युवती नशे में थी. इसके अलावा घटना के बाद वह शव के पास ही बैठी रही. उसे अहसास ही नहीं हुआ कि उसके एक वार से युवक की मौत हो गई. एंबुलेंस में भी वह पूरे समय शव के पास ही बैठी रही.
ये भी पढ़ें- CG News: डर और धमकी में शरीर का समर्पण सहमति नहीं, दुष्कर्म केस में हाई कोर्ट ने 21 साल पुरानी सजा रखी बरकरार
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची तो मकान मालकिन उल्टा उनसे विवाद करने लगी. महिला उन्हें अंदर नहीं आने दे रही थी. उसने यह तक आरोप लगा दिया कि पुलिस ही वहां लाश लेकर पहुंची है। काफी समझाइश के बाद वह शांत हुई.
