Vistaar NEWS

‘मम्मी-पापा माफ करना…’, प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र ने किया सुसाइड, कमरे में फंदे से लटकता मिला शव

CG News

मृतक

CG News: बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवक का शव किराए के मकान के बंद कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आत्महत्या के कारणों की पड़ताल की जा रही है.

प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र ने किया सुसाइड

सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत कपिल नगर में किराए के मकान में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे एक युवक की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान आकाश कुमार पंडा (26 वर्ष) निवासी अमलीडीह, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़ के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार आकाश कपिल नगर में अकेले रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था. सोमवार शाम उसके दोस्त उससे मिलने उसके कमरे पर पहुंचे, लेकिन कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला. दोस्तों ने काफी देर तक आवाज दी और मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, हालांकि कमरे के अंदर मोबाइल की घंटी बजने की आवाज आ रही थी. संदेह होने पर दोस्तों ने खिड़की से झांककर देखा, जहां आकाश का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ दिखाई दिया. इसके बाद तत्काल सरकंडा पुलिस को सूचना दी गई.

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी गई. मंगलवार सुबह परिजनों के बिलासपुर पहुंचने के बाद कमरे का दरवाजा खोला गया और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.

सुसाइड नोट मिला, लिखा- सपने पूरे नहीं कर सका-

पुलिस को मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है. नोट में आकाश ने अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए लिखा है कि वह उनके सपनों पर खरा नहीं उतर पा रहा है और खुद को असफल बता रहा है. उसने अपनी बहन के लिए भी संदेश लिखा है कि वह माता-पिता का ख्याल रखे. नोट में कई अन्य भावनात्मक बातें भी लिखी गई हैं. पुलिस ने उसे जब्त कर इसकी जांच शुरू कर दी है.

ये भी पढ़ें- CGPSC Exam: 22 फरवरी को 33 जिलों में होगी CGPSC की प्रारंभिक परीक्षा, एडमिट कार्ड जारी, चेक करें अपडेट

पहले नस काटने की कोशिश, फिर लगाई फांसी

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आकाश संभवतः किसी परीक्षा में असफल होने के बाद मानसिक रूप से परेशान था. पुलिस को यह भी संकेत मिले हैं कि उसने पहले हाथ की नस काटने की कोशिश की, इसके बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. सरकंडा पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और सुसाइड नोट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.

Exit mobile version