Vistaar NEWS

CG News: चार लेबर कोड समेत कई मुद्दों को लेकर भिलाई स्टील प्लांट के यूनियन नेताओं का प्रदर्शन, जमकर की नारेबाजी

CG News

CG News: भिलाई इस्पात संयंत्र के तमाम यूनियन नेताओं ने चार लेबर कानूनों सहित विभिन्न श्रमिक मुद्दों को लेकर एक बार फिर सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया. यह प्रदर्शन आज सुबह करीब 5 बजे से ही शुरू हो गया था. मुर्गा चौक पर बड़ी संख्या में यूनियन नेता और श्रमिक एकत्रित हुए और केंद्र सरकार तथा सेल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.

चार लेबर कोड को लेकर यूनियन नेताओं का प्रदर्शन

प्रदर्शन के दौरान ड्यूटी से लौट रहे कर्मचारियों को कुछ समय के लिए रोका गया, जिससे इलाके में हलचल का माहौल बन गया. स्थिति को संभालने के लिए पुलिस कर्मियों ने हस्तक्षेप किया, लेकिन यूनियन नेताओं के आक्रोश को देखते हुए पुलिस को पीछे हटना पड़ा. कुछ समय तक मुर्गा चौक पर पुलिस, बीएसपी अधिकारियों और हड़ताल में शामिल नेताओं के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, जहां यूनियन प्रतिनिधि अपनी मांगों को लेकर डटे रहे.

लेबर कोड की गिनाई खामियां

बीएसपी यूनियन एटक के नेता विनोद कुमार सोनी ने कहा कि वर्षों पहले बनाए गए श्रम कानून मजदूरों, महिलाओं और कारखानों के हितों की रक्षा के लिए थे, लेकिन वर्तमान सरकार ने इन्हें खत्म कर चार नए लेबर कानून लागू किए हैं. उनका आरोप है कि इन कानूनों से ट्रेड यूनियन बनाने के अधिकार कमजोर हो जाएंगे और मजदूरों के पास अपनी बात रखने का मंच नहीं बचेगा.

सीटू के पूर्व अध्यक्ष एस.पी. डे ने इन कानूनों को खतरनाक बताते हुए कहा कि इससे मजदूरों को गुलाम जैसी जिंदगी जीने पर मजबूर होना पड़ेगा. उनका दावा है कि 300 से कम कर्मचारियों वाले संस्थानों में प्रबंधन की मनमानी बढ़ सकती है. साथ ही उन्होंने 39 महीनों से लंबित एरियर और वेज रिवीजन को जल्द पूरा करने की मांग भी उठाई.

ये भी पढ़ें- CG Board Exam: बोर्ड परीक्षा को लेकर हो रही टेंशन, एग्जाम से पहले हेल्पलाइन डेस्क पर मिलेगा हर सवाल का जवाब

यूनियन नेता अरुण कुमार सिसोदिया ने कहा कि नए कानूनों के तहत काम के घंटों को 8 से बढ़ाकर 12 करने की कोशिश की जा रही है और महिलाओं के लिए नाइट शिफ्ट का प्रावधान भी जोड़ा गया है, जबकि उनकी सुरक्षा अब भी बड़ा सवाल है. यूनियनों ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.

Exit mobile version