Vistaar NEWS

Durg: शराब भट्टी हटाने की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, तख्तियां लेकर जताया विरोध

CG News

शराब भट्टी हटाने की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन

Durg News: दुर्ग जिले के सुपेला स्थित शराब भट्टी को हटाने की मांग को लेकर आज कांग्रेस पार्टी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के साथ कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे. प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की और प्रशासन से शराब दुकान को जल्द हटाने की मांग की. तख्तियों पर शराब दुकान हटाना है, बच्चों का भविष्य बनाना है जैसे संदेश लिखे हुए थे, जिससे क्षेत्र में शराब दुकान के खिलाफ लोगों की नाराजगी साफ दिखाई दी.

शराब भट्टी हटाने की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने कहा कि सुपेला स्थित यह शराब भट्टी घनी आबादी वाले इलाके में संचालित हो रही है, जिसके कारण यहां हमेशा भीड़ लगी रहती है. सड़क पर लोगों की आवाजाही प्रभावित होती है और कई बार जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. उन्होंने कहा कि इस दुकान के कारण क्षेत्र का माहौल भी प्रभावित हो रहा है, इसलिए इसे यहां से हटाया जाना जरूरी है.

ये भी पढ़ें- Naxal Surrender: ‘लाल आतंक’ का साथ छोड़ ओडिशा में 19 नक्सलियों ने किया सरेंडर

प्रशासन पर उठाए सवाल

मुकेश चंद्राकर ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि सुपेला संडे मार्केट को हटाने के लिए पहले प्रशासन पूरी ताकत लगा चुका है, लेकिन एक छोटी सी शराब दुकान को हटाने में आखिर इतनी देरी क्यों हो रही है. उन्होंने चेतावनी दी कि फिलहाल कांग्रेस शांतिपूर्ण तरीके से धरना-प्रदर्शन कर रही है, लेकिन यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं तो पार्टी उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी. कांग्रेस ने प्रशासन से जल्द निर्णय लेकर क्षेत्रवासियों को राहत देने की मांग की है.

Exit mobile version