Durg: दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र अंतर्गत रावणभाठा में होलिका दहन की रात एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया. 2 मार्च की रात करीब 11:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि हेमंत साहू नामक युवक की हत्या कर दी गई है. फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
शराब के नशे में चाचा ने भतीजे को उतारा मौत के घाट
दरअसल सूचना मिलते ही जामुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक हेमंत साहू और उसके चाचा आशीष साहू के बीच शराब सेवन को लेकर विवाद हुआ था. विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर आरोपी ने लोहे के पाइप से हेमंत साहू के सिर के पीछे कई वार कर दिए. गंभीर चोट लगने से हेमंत मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई. मृतक की मां ललिता साहू की रिपोर्ट पर थाना जामुल में अपराध क्रमांक 142/2026 धारा 103 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसके बाद जामुल पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में घेराबंदी कर सघन तलाश अभियान चलाया. त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 3 मार्च को घटना के 10 घंटे के भीतर आरोपी आशीष साहू (25 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लोहे का पाइप भी बरामद किया गया.
ये भी पढ़ें- गुजिया की बात हुई पुरानी! इस होली ट्राई करें Chhattisgarh की 5 फेमस डिशेज, नहीं भूल पाएंगे स्वाद
आपको बता दें की होली पर्व के मद्देनजर जिले में 900 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात हैं, इसके बावजूद इतनी बड़ी वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल आरोपी को न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है.
