Vistaar NEWS

Durg Gangrape: दुर्ग में नाबालिग से गैंगरेप में शामिल 2 आरोपियों ने किया सरेंडर, पहले ही 4 की हो चुकी है गिरफ्तारी

durg_news

महिला थाना

Durg Gangrape: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है. जिले के बहुचर्चित नाबालिग दुष्कर्म मामले में मुख्य आरोपियों में शामिल बीएन पांडेय ने दुर्ग की फास्ट ट्रैक कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया है. उसके साथ पीडब्ल्यूडी ठेकेदार संजय पंडित ने भी कोर्ट पहुंचकर सरेंडर किया है. दोनों आरोपी एफआईआर दर्ज होने के बाद से फरार चल रहे थे और पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी.

क्या है पूरा मामला?

30 जनवरी को भिलाई महिला थाने में मामला दर्ज होते ही आरोपी फरार हो गए थे. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था. वहीं, बीएन पांडेय और संजय पंडित गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे थे, लेकिन बढ़ते दबाव के बीच आखिरकार दोनों ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया.

नौकरी दिलाने के नाम पर दुष्कर्म

यह मामला बेहद गंभीर है. आरोप है कि नौकरी दिलाने का झांसा देकर आरोपी एक नाबालिग का साल 2018 से लगातार दुष्कर्म कर रहे थए. पीड़िता को कथित तौर पर ब्लैकमेल कर लंबे समय तक शोषण किया गया, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गई थी.

ये भी पढ़ें- Kanker News: जहां धर्मांतरण को लेकर मचा बवाल, वहां विधि-विधान के साथ 14 लोगों ने की धर्म वापसी

आखिरकार हिम्मत जुटाकर युवती हाल ही में महिला थाने पहुंची और साक्ष्य प्रस्तुत करते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और सख्त धाराओं के तहत मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई शुरू की. इस मामले में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी, जबकि दो आरोपी फरार चल रहे थे. अब दोनों ने सरेंडर कर दिया है, जिसके बाद पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है. एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने कहा कि मामले की विवेचना जारी है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे.

Exit mobile version