Durg News: छत्तीसगढ़ में10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं. इससे पहले दुर्ग जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां 16 साल की 10वीं की छात्रा ने फांसी लगा ली है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल है. मृतका की पहचान नारायणी साहू के रूप में हुई है, जो घासीदास नगर खदान मोहल्ला की रहने वाली थी. वह बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटी हुई थी.
आंगन में इस हालत में मिली लाश
पूरा मामला जामुल थाना क्षेत्र का है. जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जरूरी कार्रवाई शुरू की. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है. फिलहाल किसी तरह का सुसाइड नोट मिलने की पुष्टि नहीं हुई है.
ASP मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि नारायणी साहू जामुल में रहती थी और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हाउसिंग बोर्ड की कक्षा दसवीं की छात्रा थी. बताया जा रहा है कि वह आगामी बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रही थी. रोज की तरह सोमवार रात को उसने परिवार के साथ भोजन किया और अपनी बड़ी बहन के साथ एक ही कमरे में सोने चली गई. मंगलवार करीब सुबह 4:30 बजे उसकी मां की नींद खुली तो उन्होंने घर की परछी (आंगन) में लगी बल्ली के सहारे चुनरी से नारायणी को फांसी पर लटका देखा.
यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और अन्य सदस्यों को तत्काल इसकी जानकारी दी गई. परिजनों ने बिना देर किए जामुल पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. नारायणी तीन बहनों में से एक थी. पुलिस अब परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि इस आत्मघाती कदम के पीछे की वजह सामने आ सके.
