World Tribal Day: रायपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष दीपक बैज ने विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर जमकर निशाना साधा है। बैज ने आरोप लगाया कि 9 अगस्त को पूरी दुनिया ने विश्व आदिवासी दिवस मनाया, लेकिन छत्तीसगढ़ में भाजपा के नेताओं और खुद को आदिवासी बताने वाले जनप्रतिनिधियों की ओर से समाज के लिए एक बधाई संदेश तक नहीं आया।
मीडिया से चर्चा करते हुए दीपक बैज ने कहा कि वर्ष 2023 से पहले, जब प्रदेश में भाजपा सत्ता से बाहर थी, तब इनके नेता बढ़-चढ़कर आदिवासी दिवस की बधाई दिया करते थे। लेकिन सत्ता मिलते ही भाजपा के नेता अपने ही समाज को भूल गए हैं। उन्होंने सवाल उठाया छत्तीसगढ़ में भाजपा के कई जनप्रतिनिधि-जो खुद को आदिवासियों का हितैशी बताते हैं उनका एक भी बधाई संदेश क्यों नहीं आया? उन्होंने कहा कि सरकार और भाजपा के आदिवासी नेताओं को जनता को इसका जवाब देना चाहिए।
संस्कृति और अखंडता तोड़ने का आरोप
PCC चीफ दीपक बैज ने भाजपा और संघ पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा और RSS मिलकर आदिवासी समाज की संस्कृति, अस्मिता और एकता को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। दीपक बैज ने ये भी गंभीर आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन को अपने चहेते उद्योगपतियों के हाथों बेचना चाहती है। दीपक बैज ने एक्स पर जो वीडियो पोस्ट किया है उसमें उन्हें ये कहते हुए सुना जा सकता है कि आदिवासी सीटों से चुनाव जीतकर आए भाजपा नेताओं की इस चुप्पी को जनता देख रही है और समय आने पर इन्हें सबक सिखाएगी।
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः Raipur News: राखड़ में दबने से हुई थी युवक की मौत, बीमा कंपनी के लिए सुनाया ये फैसला…
