Raipur Crime News: पैरोल पर जेल से बाहर आया बंदी 18 साल से फरार, कोतवाली थाने में FIR

Raipur Central Jail Parole Absconder FIR: रायपुर. केंद्रीय जेल रायपुर से पैरोल पर रिहा होने के बाद निर्धारित समय पर वापस जेल नहीं लौटने वाले दंडित बंदी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में अपराध दर्ज किया गया है. बंदी गणेश देवांगन वर्ष 2008 से फरार बताया जा रहा है.
raipur-crime-news-convict-ganesh-dewangan-absconding-for-18-years-after-parole-fir-registered-at-kotwali

Raipur Crime News:  रायपुर. केंद्रीय जेल रायपुर से पैरोल पर रिहा होने के बाद निर्धारित समय पर वापस जेल नहीं लौटने वाले दंडित बंदी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में अपराध दर्ज किया गया है. बंदी गणेश देवांगन वर्ष 2008 से फरार बताया जा रहा है. उसके विरुद्ध धारा 224 भारतीय दंड संहिता (IPC) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है.

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दंडित बंदी क्रमांक 9480/95 गणेश देवांगन, पिता लक्ष्मीनारायण देवांगन, निवासी मिनीमाता चौक, बूढ़ेश्वर चौक, रायपुर को जिला दंडाधिकारी रायपुर के आदेश के तहत 23 जुलाई 2008 को 10 दिनों के पैरोल पर जेल से रिहा किया गया था. उसे निर्धारित अवधि पूरी होने पर वापस केंद्रीय जेल रायपुर में उपस्थित होना था, लेकिन वह नियत तारीख पर जेल नहीं लौटा.

 इस संबंध में केंद्रीय जेल रायपुर द्वारा पूर्व में भी संबंधित थाने को पत्राचार किया गया था. बाद में थाना पुरानी बस्ती से प्राप्त जानकारी में बताया गया कि बंदी का निवास क्षेत्र वर्तमान में थाना सिटी कोतवाली के अंतर्गत आता है तथा जिस प्रकरण में उसे सजा हुई थी, वह भी थाना कोतवाली से संबंधित है.

इसी क्रम में केंद्रीय जेल अधीक्षक द्वारा 19 नवंबर 2026 को थाना प्रभारी सिटी कोतवाली को पत्र भेजकर फरार बंदी की अद्यतन जानकारी एवं एफआईआर की प्रति उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया. जेल प्रशासन ने यह भी उल्लेख किया कि मामला माननीय उच्च न्यायालय से संबंधित है और इसे प्राथमिकता से लेने का आग्रह किया गया है.

 जेल से प्राप्त पत्र एवं संलग्न दस्तावेजों के अवलोकन के बाद थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने गणेश देवांगन के विरुद्ध धारा 224 IPC के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है. बंदी की गिरफ्तारी एवं जेल दाखिले के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें