Vistaar NEWS

CG News: बस्तर के बोधघाट थाने को मिला छत्तीसगढ़ का सर्वश्रेष्ठ पुलिस स्टेशन सम्मान, केंद्रीय गृह मंत्रालय की रैंकिंग में पाया पहला स्थान

Bodhghat Police Station

बोधघाट पुलिस स्‍टेशन

CG News: छत्तीसगढ़ पुलिस और विशेष रूप से बस्तर पुलिस के लिए यह बेहद गौरवपूर्ण क्षण है. केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी वर्ष 2025 की वार्षिक पुलिस स्टेशन रैंकिंग में बस्तर जिले के बोधघाट थाने को छत्तीसगढ़ राज्य का सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाना घोषित किया गया है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए बोधघाट पुलिस स्टेशन का चयन किया गया है.

सख्त मापदंडों पर अव्वल रहा बोधघाट थाना

मिली जानकारी के अनुसार, इस रैंकिंग के लिए छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के पुलिस थानों से नामांकन भेजे गए थे. केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कई महत्वपूर्ण मापदंडों के आधार पर थानों के कार्यों और प्रदर्शन की विस्तृत समीक्षा की. इन सभी मानकों पर बोधघाट थाना सबसे बेहतर साबित हुआ और राज्य में पहला स्थान हासिल किया.

अपराध नियंत्रण से लेकर कम्युनिटी पुलिसिंग तक शानदार प्रदर्शन

बोधघाट थाने ने अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में प्रभावी कार्रवाई करते हुए अपराधों पर अंकुश लगाने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की. इसके अलावा एनडीपीएस एक्ट के तहत नशीले पदार्थों के खिलाफ सख्त और सफल अभियान चलाए गए.

कम्युनिटी पुलिसिंग के माध्यम से जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय तथा विश्वास स्थापित किया गया. साथ ही पुलिसिंग में नवाचार, थाना परिसर का उत्कृष्ट प्रबंधन और लंबित वारंटों के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन जैसे क्षेत्रों में भी थाना उत्कृष्ट प्रदर्शन करने में सफल रहा.

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में मिला सम्मान

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व आईजी सुंदरराज पी., वर्तमान आईजी बद्रीनारायण मीणा, एसपी शलभ सिन्हा, एडिशनल एसपी महेश्वर नाग और पूर्व सीएसपी आकाश श्रीमाल मौजूद रहे. पूर्व आईजी सुंदरराज पी. के हाथों यह प्रतिष्ठित पुरस्कार बोधघाट थाने के तत्कालीन थाना प्रभारी लीलाधर राठौड़ को सौंपा गया. इस दौरान वर्तमान थाना प्रभारी तामेश्वर चौहान भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे.

बस्तर के इतिहास में पहली बार मिली उपलब्धि

नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के अनुसार, बस्तर रेंज और बस्तर जिले के इतिहास में यह पहली बार है, जब किसी पुलिस स्टेशन को पूरे राज्य में सर्वश्रेष्ठ होने का यह राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ है. उन्होंने बताया कि इस सफलता का श्रेय पिछले एक-दो वर्षों में थाने के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा किए गए कड़े परिश्रम, बेहतर टीमवर्क और एसपी शलभ सिन्हा के कुशल मार्गदर्शन को जाता है. इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बस्तर पुलिस के सभी अधिकारियों और जवानों को बधाई दी जा रही है.

ये भी पढे़ं- CGPSC के अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर, सिलेबस में होगा बदलाव, एक क्लिक पर भेजें अपना सुझाव

Exit mobile version