CGPSC के अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर, सिलेबस में होगा बदलाव, एक क्लिक पर भेजें अपना सुझाव
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग
Public Suggestions Link Activated: अगर आप सीजीपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं, तो ये खबर आपके लिए है. छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने मुख्य सेवा परीक्षा के पाठ्यक्रम में बदलाव की प्रक्रिया शुरू कर दी है. अभ्यर्थी अब वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कर एक माह के भीतर अपने सुझाव ऑनलाइन भेज सकते हैं.
CGPSC के सिलेबस में होगा बदलाव
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा मुख्य सेवा परीक्षा के पाठ्यक्रम में बदलाव किया जा रहा है. इसकी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है. विशेष बात यह है कि इस बार पीएससी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी भी अपने सुझाव दे सकेंगे.
अभ्यर्थियों ने मांगा सुझाव
इसके लिए छग लोक सेवा आयोग ने विशेष लिंक जनरेट किया है. इस लिंक के माध्यम से अभ्यर्थी वे बदलाव पीएससी से साझा कर सकेंगे, जो वे आगामी परीक्षा में चाहते हैं. हालांकि इसके लिए अभ्यर्थियों को पहले पीएससी की वेबसाइट में रजिस्ट्रेशन कराना होगा. जो पहले से ही रजिस्टर हैं, वे अपनी पुरानी आईडी का ही इस्तेमाल कर सुझाव दे सकेंगे.

पीएससी ने सुझाव देने या परिवर्तन संबंधित विचार प्रेषित करने के लिए कैंडिडेट्स को सूचना जारी होने से लेकर आगामी एक माह का समय दिया गया है. इस संबंध में आधिकारिक सूचना पीएससी ने अपने वेबसाइट पर अपलोड कर दी है.
कब से होगा लागू?
पीएससी द्वारा मुख्य सेवा परीक्षा के लिए आवेदन संविधान दिवस अर्थात 26 नवंबर को जारी करने की परंपरा रही है. कैंडिडेट्स विज्ञापन जारी होने के पूर्व ही तैयारी प्रारंभ कर देते हैं. वर्तमान में तैयारियों में जुटे अभ्यर्थी पुराने सिलेबस से ही तैयारी कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें- CG News: सिम्स में अव्यवस्था, हाई कोर्ट में पेश हुआ एआई से बना शपथ पत्र, सीजे बोले- जमीनी हकीकत छिपाकर गुमराह न करें
ऐसे में संशोधन पीएससी-2026 में लागू होने की संभावना अपेक्षाकृत कम है. प्रारंभिक परीक्षा के बाद वर्तमान में मेन्स परीक्षा में 7 अनिवार्य पेपर (प्रत्येक 200 अंक, कुल 1400 अंक) होते हैं, जो पूरी तरह से वर्णनात्मक होते हैं. इसमें भाषा, निबंध और सामान्य अध्ययन शामिल हैं.