Bijapur Road Scam: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है. जिले में सड़क निर्माण के नाम पर हुए बड़े घोटाले का पर्दाफाश हुआ है.विभाग की जांच में यह बात सामने आई है कि कई सड़कों का निर्माण जमीन पर हुआ ही नहीं, लेकिन कागजों में काम पूरा दिखाकर करोड़ों रुपये का भुगतान कर दिया गया है.
सरकार ने सख्त रुख अपनाया
इस गंभीर अनियमितता के बाद राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए 13 अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. जानकारी के अनुसार, विभाग ने बीजापुर की 24 सड़कों की विस्तृत जांच कराई थी. जांच टीम ने जब ऑनलाइन रिकॉर्ड की तुलना जमीनी हकीकत से की, तो चौंकाने वाला अंतर सामने आया. रिकॉर्ड में कई सड़कों को पूरी तरह निर्मित बताया गया था, जबकि मौके पर या तो सड़क थी ही नहीं या काम आधा-अधूरा पड़ा हुआ था.
19.17 करोड़ रुपये की अनियमितता उजागर
इसी जांच में कुल 19.17 करोड़ रुपये की अनियमितता उजागर हुई है. कार्रवाई के दायरे में आए अधिकारियों में 3 कार्यपालन अभियंता, 6 सहायक अभियंता और 4 उप अभियंता शामिल हैं. इन सभी पर निर्माण कार्यों में लापरवाही, सही निगरानी नहीं करने और ठेकेदारों से मिलीभगत के आरोप हैं.
घोटाले में ठेकेदारों की भूमिका भी सामने आई है. विभाग ने 15 ठेकेदारों को नोटिस जारी किया है. इन ठेकेदारों से 5 करोड़ से लेकर 5.50 करोड़ रुपये तक की वसूली की कार्रवाई की जा रही है. अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जो ठेकेदार तय समय में राशि जमा नहीं करते हैं, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए. अब सरकार का पूरा ध्यान अधूरी सड़कों को पूरा करने पर है. बीजापुर की 45 और सुकमा की 23 सड़कों का दोबारा टेंडर कराया जाएगा.इसके साथ ही बस्तर संभाग की कुल 148 अधूरी सड़कों को 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है. इन सड़कों के निर्माण की जिम्मेदारी अब सरकार ने खुद ली है.
