CG News: बीजापुर जिले में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुरक्षा बलों को एक और बड़ी सफलता मिली है. थाना बेदरे क्षेत्र के ग्राम लंका पहाड़ी के जंगल में सर्चिंग और डिमाईनिंग अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए नक्सली डंप का पता लगाया. डंप से बड़ी संख्या में हथियार, गोला-बारूद और अन्य सामग्री बरामद की गई है.
सुरक्षा बलों द्वारा क्षेत्र में लगातार सर्चिंग एवं डिमाईनिंग अभियान चलाया जा रहा है. इसी दौरान जंगल में संदिग्ध स्थान की जांच करने पर जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए डंप का पता चल. सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्र की सघन जांच के बाद डंप से हथियार एवं विस्फोटक सामग्री बरामद की गई.
नक्सली डंप में बरामद सामग्री
बरामद सामग्री में SLR/LMG रायफल एक, INSAS रायफल एक, .315 बोर बंदूक एक, BGL लॉन्चर दो, BGL सेल 17 और चाइना हैंड ग्रेनेड एक शामिल है. इसके अलावा SLR के 49 जिंदा राउंड, .315 बोर के 15 राउंड और BGL कारतूस 15 नग बरामद किए गए हैं. मौके से SLR की चार मैगजीन, .315 बोर की एक मैगजीन सहित अन्य सामग्री एवं उपकरण भी मिले हैं.
डंप मिलने के बाद आगे की कार्रवाई
सुरक्षा बलों ने बरामद हथियार एवं अन्य सामग्री को विधिवत जब्त कर लिया है. डंप को लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई और उससे जुड़े लोगों की पतासाजी की जा रही है. सुरक्षा बलों द्वारा क्षेत्र में सर्चिंग अभियान लगातार जारी है. बीजापुर जिले में सितंबर माह के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की कार्रवाई में नक्सलियों द्वारा पूर्व से छिपाकर रखे गए कई डंप बरामद किए जा चुके हैं.
जगंलों से मिल रहा विस्फोटक सामान
20 सितंबर 2026 को थाना भैरमगढ़ क्षेत्र के आदवाड़ा जंगल से AK-47, .315 बोर हथियार, सिंगल शॉट पिस्टल सहित जिंदा कारतूस और मैगजीन बरामद किए गए थे. इसी तरह 16 सितंबर को थाना फरसेगढ़ क्षेत्र के बड़े आलवाड़ा जंगल से 315 बोर रायफल, 49 जिंदा राउंड, .303 के 25 जिंदा राउंड और 12 बोर के 49 जिंदा राउंड के साथ करीब 8 किलोग्राम जिलेटिन, वॉकी-टॉकी एवं अन्य उपकरण बरामद किए गए थे.
10 सितंबर को थाना मिरतुर क्षेत्र के इंडरीपाल जंगल से अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखे गए नॉन इलेक्ट्रिकल वायर के सात बंडल, डेटोनेटर और ग्रेनेड बरामद हुए थे. वहीं 1 सितंबर को थाना भोपालपटनम क्षेत्र के नीलमड़गु जंगल से माओवादी डंप से 12 बोर का देशी कट्टा, BGL लॉन्चर, आठ BGL सेल, 12 बोर के 10 जिंदा राउंड सहित अन्य सामग्री बरामद की गई थी.
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से सुरक्षा बलों द्वारा जंगल क्षेत्रों में चलाए जा रहे सर्चिंग एवं डिमाईनिंग अभियान की सक्रियता सामने आ रही है. लंका पहाड़ी में हुई ताजा कार्रवाई के बाद सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में निगरानी और सर्चिंग को और मजबूत किया है.
ये भी पढे़ं- Jhiram Ghati Attack: झीरम घाटी कांड में सभी 10 नक्सली दोषी, 13 साल बाद आया फैसला, 31 लोगों की गई थी जान
