उदयपुर में 17 हाथियों के दल का शावक नाली में फंसा, JCB से निकाला गया बाहर, कबरा हाथी भी था मौजूद

Sarguja Elephant Rescue: सूचना के बाद पांच वन कर्मचारियों की टीम बनाई गई और जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची. रात करीब 9 बजे से शावक को बाहर निकालने का रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया, जो रात 12 बजे तक चला. कड़ी मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से शावक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
SURGUJA NEWS

सरगुजा हाथी का रेस्क्यू

Sarguja Elephant Rescue: सरगुजा जिले के उदयपुर इलाके में बीती रात एक बड़ा हादसा टल गया. यहां 17 हाथियों के दल में शामिल करीब एक साल का शावक नाली में फंस गया. इसकी जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद हाथी के बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

वन्यजीव सीसीएफ ने क्या बताया ?

वन्यजीव सीसीएफ प्रणय मिश्रा ने विस्तार न्यूज़ को बताया कि उदयपुर क्षेत्र के अलकापुरी गांव में 17 हाथियों का दल विचरण कर रहा है. वन विभाग की टीम थर्मल ड्रोन कैमरे के माध्यम से लगातार हाथियों की निगरानी कर रही है. इसी दौरान कर्मचारियों को जानकारी मिली कि एक हाथी का शावक नाली में फंसा हुआ है.

सूचना के बाद पांच वन कर्मचारियों की टीम बनाई गई और जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची. रात करीब 9 बजे से शावक को बाहर निकालने का रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया, जो रात 12 बजे तक चला. कड़ी मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से शावक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

रेस्क्यू के दौरान करीब ही मौजूद था हाथियों का दल

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान सबसे बड़ी चुनौती हाथियों के दल की मौजूदगी थी. शावक के नाली में फंसे होने के कारण पूरा दल उसकी तरफ आने की कोशिश कर रहा था. दल में शामिल कबरा हाथी भी शावक के पास पहुंचना चाह रहा था. ऐसी स्थिति में वन कर्मचारियों ने पटाखे फोड़कर हाथियों के दल को दूर रखा और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा किया.

कबरा हाथी पर भी रखी जा रही लगातार नजर

सीसीएफ वाइल्डलाइफ प्रणय मिश्रा ने रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी है. उन्होंने हाथियों की सतत निगरानी जारी रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि हाथियों को किसी तरह का नुकसान न पहुंचे और मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं को कम किया जा सके.

कबरा हाथी भी साथ कर रहा विचरण

गौरतलब है कि इसी 17 हाथियों के दल में कबरा हाथी भी विचरण कर रहा है. कबरा को रेडियो कॉलर लगाए जाने के बाद से अब तक उसके हमले में किसी व्यक्ति की जान नहीं गई है. वन विभाग लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है. नाली में फंसे शावक को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद वन विभाग ने राहत की सांस ली है. करीब एक साल के इस शावक को बचाने में वन कर्मचारियों की तत्परता और तकनीकी संसाधनों की अहम भूमिका रही.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें