Vistaar NEWS

CG News: बाढ़ प्रभावित सुकमा पहुंचे मुख्यमंत्री साय, राहत केंद्रों का किया निरीक्षण

CG News:  रायपुर. बाढ़ और जलभराव से प्रभावित सुकमा जिले का जायजा लेने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार को सुकमा पहुंचे. उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी स्थिति का निरीक्षण किया और राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने राहत केंद्रों में पहुंचकर वहां रह रहे प्रभावित लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं जानीं.

मुख्यमंत्री साय ने जिला प्रशासन के अधिकारियों से बाढ़ की स्थिति और प्रभावित क्षेत्रों में चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली. उन्होंने प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही सहायता और राहत केंद्रों में की गई व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की.

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए. राहत केंद्रों में भोजन, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पर्याप्त रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए. उन्होंने प्रशासन को प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सहायता तत्काल पहुंचाने को कहा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है. राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और प्रशासन को पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित लोगों की मदद करनी चाहिए.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः Rajnandgaon: पशुओं की देखरेख में लापरवाही, 13 की मौत, 50 से ज्यादा की हालत खराब

Exit mobile version