CG News: बस्तर में एक ओर सैकड़ों पात्र हितग्राही समय पर सरकारी राशन नहीं मिलने से परेशान होकर कलेक्टोरेट के चक्कर लगाने को मजबूर हैं, वहीं दूसरी ओर पीडीएस का चावल अवैध रूप से खरीदा और तस्करी कर दूसरे राज्यों तक पहुंचाया जा रहा है. जगदलपुर में खाद्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन को जब्त किया है.
पीडीएस के चावल की तस्करी, पिकअप जब्त
जिसमें करीब 30 से 40 बोरी पीडीएस चावल लोड था. सहायक खाद्य अधिकारी दिव्यारानी कार्यान्त ने बताया कि पीडीएस चांवल से भरे पिकअप वाहन को पकड़ा गया है. वाहन में करीब 30-40 बोरी चाँवल पाया गया है. बारिश की वजह से बोरियों की संख्या स्पष्ट नहीं है. यह गाड़ी किराना व्यापारी सुनील गुप्ता की है. जो कि खरीदी बिक्री का कार्य करते हैं. पीडीएस चावल की अवैध खरीदी बिक्री और परिवहन करना कानूनन अपराध है. मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है.
पहले भी मामले आए सामने
अधिकारी ने बताया कि शासन की मंशा है कि इस बीपीएल कार्डधारियों और पात्रों को पीडीएस का चांवल समय पर मिले. लेकिन तस्करी जैसी घटनाएं सामने आती है. इसीलिए इस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. बस्तर में घटी इस घटना ने एक बार फिर सरकारी राशन वितरण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जहाँ गरीब परिवार अपने हिस्से के राशन के लिए दर-दर भटक रहे हैं. वहीं माफिया सरकारी अनाज को अवैध कारोबार का जरिया बना रहे हैं.
ये भी पढ़ें- Naxali Surrender: बीजापुर में 49 लाख के इनामी 8 नक्सलियों ने किया सरेंडर, DVCM और ACM कैडर के नक्सली भी शामिल
