Vistaar NEWS

CG News: कांकेर में मलेरिया का कहर, 10 दिनों में 2 आदिवासी छात्रों की मौत, आदिम जाति कल्याण विभाग की लापरवाही आई सामने

CG News

मलेरिया से 2 आदिवासी छात्रों की मौत

CG News: कांकेर जिले में आदिम जाति कल्याण विभाग की लापरवाही एक बार फिर सवालों के घेरे में है. जिले में 10 दिनों के भीतर दूसरे आदिवासी छात्र की मलेरिया से मौत हो गई है. मृतक छात्र मरदापोटी बालक आवासीय आश्रम का निवासी था और वहीं अध्ययनरत था.

मलेरिया से अब तक दो छात्रों की मौत

जानकारी के अनुसार, छात्र की 24 जुलाई को मलेरिया जांच पॉजिटिव आई थी, जिसके बाद उसे मलेरिया की दवा (डोज) दी गई. तबीयत बिगड़ने पर उसे कांकेर के मातृत्व एवं शिशु अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.

इस घटना के बाद आदिम जाति कल्याण विभाग और छात्रावास प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. लगातार 10 दिनों के भीतर दो आदिवासी छात्रों की मलेरिया से मौत ने छात्रावासों में स्वास्थ्य निगरानी, समय पर उपचार और विभागीय व्यवस्थाओं पर चिंता बढ़ा दी है.

आदिम जाति कल्याण विभाग की लापरवाही आई सामने

बताया जा रहा है कि मरदापोटी बालक आश्रम के दो अन्य छात्र भी वर्तमान में मातृत्व एवं शिशु अस्पताल में भर्ती हैं, जिनका इलाज जारी है. लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद यह मांग उठ रही है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए और सभी छात्रावासों में स्वास्थ्य जांच और मलेरिया नियंत्रण के विशेष इंतजाम किए जाएं.

ये भी पढ़ें- खुशखबरी! सावन में बाबाधाम जाने के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन, छत्तीसगढ़ के इन स्टेशनों पर होगा स्टॉपेज

Exit mobile version