CG News: बीजापुर जिले के थाना तर्रेम पुलिस द्वारा पुनर्वासित नक्सलियों एवं ग्रामीणों के साथ बैठक आयोजित की गई. बैठक का उद्देश्य पुनर्वासित नक्सलियों और ग्रामीणों के बीच विश्वास, संवाद एवं सहयोग को मजबूत करना तथा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास का सकारात्मक वातावरण तैयार करना रहा.
बैठक में पुलिस ने समाज की मुख्यधारा में लौटे पुनर्वासित नक्सलियों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रेरित किया. उन्हें शासन की पुनर्वास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने, परिवार के साथ सामान्य जीवन व्यतीत करने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए सकारात्मक प्रयास करने की समझाइश दी गई.
पुनर्वासित नक्सलियों की लगातार मॉनिटरिंग
पुलिस ने बताया कि पुनर्वासित नक्सलियों की थाना स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है. साथ ही, उनके पुनर्वास को सुचारू बनाए रखने और समाज में बेहतर तरीके से पुनर्स्थापित करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग भी दिया जा रहा है.
ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की दी जानकारी
बैठक के दौरान ग्रामीणों को शासन की रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, जनकल्याण एवं पुनर्वास संबंधी योजनाओं की जानकारी दी गई. पात्र हितग्राहियों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की गई. ग्रामीणों की समस्याओं और आवश्यकताओं को भी सुना गया तथा उनके निराकरण के लिए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया गया.
पुलिस ने ग्रामीणों से गांव एवं आसपास के क्षेत्र में सक्रिय असामाजिक तत्वों, संदिग्ध व्यक्तियों अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का वातावरण कायम रखा जा सके.
स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रप्रेम के साथ मुख्यधारा से जुड़ने का आह्वान
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विशेष अपील करते हुए पुलिस ने आत्मसमर्पित एवं पुनर्वासित नक्सलियों से 15 अगस्त को राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस समाज के साथ मिलकर हर्षोल्लास और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ मनाने का आह्वान किया. पुलिस ने कहा कि हिंसा का रास्ता छोड़कर लोकतांत्रिक व्यवस्था एवं समाज की मुख्यधारा से जुड़ना ही बेहतर और सुरक्षित भविष्य की दिशा है.
युवाओं को शिक्षा, खेल और रोजगार से जुड़ने की अपील
बैठक में युवाओं को शिक्षा, खेल और रोजगार के अवसरों से जुड़ने तथा बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए भी प्रेरित किया गया. पुलिस ने आपसी भाईचारा और सहयोग की भावना मजबूत करने तथा किसी भी प्रकार की हिंसात्मक गतिविधि से दूर रहने की अपील की.
पुलिस-जन सहयोग को क्षेत्र की शांति और विकास की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए ग्रामीणों से पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने और कानून का पालन करने की अपील की गई.
ये भी पढे़ं- Chhattisgarh News: उधारी चुकाने के लिए छाप दी लाखों रुपए की नकली नोट, पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
