CG News: छत्तीसगढ़ के डिप्टी CM अरुण साव रविवार को बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आए. वे हेलमेट पहनकर स्कूटी से बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का औचक निरीक्षण करने निकले. इस दौरान उन्होंने शहर के विभिन्न इलाकों का दौरा कर निर्माण और विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया.
दिलचस्प बात यह रही कि स्कूटी और हेलमेट में पहुंचे उपमुख्यमंत्री को शुरुआत में लोग पहचान ही नहीं पाए. अरुण साव ने मौके पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए. उनका यह अनोखा और सादगीभरा अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा.
कई स्थानों का किया निरीक्षण
डिप्टी CM अरुण साव ने मंगल में एसटीपी, सड़क निर्माण कार्य, बिलासपुर कन्वेंशन सेंटर, राम सेतु और अशोक नगर में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली.
अधिकारियों को सख्त निर्देश
डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे होने चाहिए. उन्होंने जिन कार्यों में अनावश्यक विलंब हो रहा है, उन्हें शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए. साथ ही लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा.
ये भी पढ़ें- VIDEO: बेकाबू कार ने कई गाड़ियों को मारी टक्कर, बाल-बाल बचा 6 साल का मासूम
अरपा नदी में प्रदूषण पर जताई चिंता
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता है कि जनता को समय पर गुणवत्तापूर्ण अधोसंरचना उपलब्ध हो. निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने अरपा नदी के प्रदूषण पर भी चिंता व्यक्त की. उन्होंने कहा कि वर्तमान में लगभग 70 नालों का पानी सीधे अरपा नदी में गिर रहा है, जिससे नदी का जल प्रदूषित हो रहा है. इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगभग 250 करोड़ रुपए की एसटीपी योजना तैयार की गई है.
